भिंड कलेक्टर ने सढ़ा-अड़ोखर में स्कूल-आंगनवाड़ी का किया निरीक्षण:बच्चों से पूछा- पढ़-लिखकर क्या बनना चाहते हो, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं
भिंड के नवागत कलेक्टर पवन कुमार जैन ने शुक्रवार को जन विश्वास अभियान के तहत मेहगांव विकासखंड के ग्राम सढ़ा और अड़ोखर का भ्रमण किया। उन्होंने स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, राशन दुकान और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्कूल में बच्चों से संवाद कर उनका शैक्षणिक स्तर जाना और पूछा कि वे पढ़-लिखकर क्या बनना चाहते हैं। ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। बच्चों से जाना पढ़ाई का स्तर, भोजन की गुणवत्ता भी देखी कलेक्टर ने ग्राम सढ़ा के शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, दर्ज विद्यार्थियों की संख्या और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली। बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई का स्तर जाना और शिक्षकों को बेहतर शिक्षा देने के निर्देश दिए। रसोई में तैयार मध्याह्न भोजन का अवलोकन कर उसकी गुणवत्ता भी देखी। आंगनवाड़ी में पोषण आहार, राशन दुकान में वितरण की जानकारी ली कलेक्टर ने सढ़ा के मोहर सिंह का पुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति और उन्हें दिए जाने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। इसके बाद शासकीय उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर हितग्राहियों की संख्या और राशन वितरण की स्थिति जानी। उन्होंने स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों के आसपास साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। आरोग्य मंदिर में दवाओं की उपलब्धता देखी ग्राम अड़ोखर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कलेक्टर ने स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्र के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया, एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा और जनपद पंचायत सीईओ राजीव मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhind/news/bhind-collector-pawan-kumar-jain-sadha-adokhar-visit-school-news-139386128.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhind/news/bhind-collector-pawan-kumar-jain-sadha-adokhar-visit-school-news-139386128.html
Comments
Post a Comment