स्वामित्व योजना में पटवारियों को निष्पादक बनाने पर आपत्ति:रायसेन में पटवारियों की बैठक, विधिक-तकनीकी दिक्कतें बताईं, जिम्मेदारी से अलग करने की मांग
रायसेन में रविवार को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 को लेकर जिलेभर के पटवारियों की बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत पटवारियों को निष्पादक बनाए जाने से जुड़ी विधिक, तकनीकी और व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा हुई। पटवारी संघ ने अपनी मांगें भी रखीं। पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत आबादी क्षेत्रों में भूखंडों के अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। अब उनकी रजिस्ट्री कराई जा रही है। इसमें पटवारी को निष्पादक की जिम्मेदारी दी गई है। संघ का कहना है कि इससे पटवारी की व्यक्तिगत पहचान और जवाबदेही जुड़ रही है। भविष्य में नाम, पहचान, स्वामित्व या अभिलेख को लेकर आपत्ति अथवा विवाद होने पर पटवारी को व्यक्तिगत स्तर पर कानूनी और विभागीय जोखिम उठाना पड़ सकता है। पहचान सत्यापन की जिम्मेदारी पर सवाल संघ ने शासन को दिए पत्र में कहा कि एक ओर नाम या अभिलेख में विसंगति होने पर निष्पादन नहीं करने की बात है, वहीं दूसरी ओर पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर पहचान सत्यापित करने की जिम्मेदारी भी पटवारी को दी गई है। संघ ने इसे प्रक्रिया में विरोधाभास बताया है। संघ का कहना है कि ग्राम आबादी में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान का नियमित रिकॉर्ड पटवारी के पास नहीं होता। वहीं पंचायत के सरपंच और सचिव का ग्रामीणों से सीधा संपर्क रहता है। ऐसे में संघ ने पहचान सत्यापन की जिम्मेदारी पंचायत स्तर पर तय करने की मांग की है। निष्पादक के दायित्व से अलग करने की मांग संघ ने कहा कि जब तक योजना की प्रक्रिया में आवश्यक सुधार कर पटवारियों को निष्पादक के दायित्व से अलग नहीं किया जाता, तब तक पटवारी इस कार्य से विरत रहेंगे।
संघ ने सिलवानी तहसील में तीन पटवारियों के निलंबन पर भी आपत्ति जताई।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/raisen/news/raisena-patwari-meeting-swamitwa-yojana-protest-technical-issues-139246647.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/raisen/news/raisena-patwari-meeting-swamitwa-yojana-protest-technical-issues-139246647.html
Comments
Post a Comment