मंडीदीप नगर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन ब्रिज पर बुधवार शाम 6 से 9 बजे तक नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने मिलकरअतिक्रमण हटाया और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी। अधिकारियों ने ब्रिज के आसपास अतिक्रमण करने वालों को तुरंत जगह खाली करने की चेतावनी दी। साथ ही साफ कहा कि आगे से दुकान लगाने, अवैध पार्किंग करने या जानवर ले जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शाम 6 बजे के बाद ब्रिज से गुजर रहीं 3 लोडिंग पिकअप गाड़ियों को रोका। इन गाड़ियों (MP-37-ZJ-1979, MP-04-ZV-2860 और MP-04-YH-8547) में क्षमता से ज्यादा 90 से अधिक मजदूर भरे हुए थे। पूछताछ में पता चला कि ये मजदूर धान बोने का काम करके लौट रहे थे। पुलिस ने चालक ज्ञान सिंह, रेवा राम और एक अन्य के खिलाफ चालान काटा और आगे से नियम न तोड़ने की सख्त हिदायत दी। जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे मजदूर मालवाहक गाड़ियों में मजदूरों को इस तरह भरकर ले जाना काफी खतरनाक है। पहले भी पिकअप पलटने से कई बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई मजदूरों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर ऐसी लापरवाही बरती जा रही है। प्रशासन की अपील- मालवाहक गाड़ियों में न करें सफर थाना प्रभारी रंजीत सराठे ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से मालवाहक गाड़ियों में सफर न करने की अपील की। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर उपाध्याय ने कहा कि ब्रिज पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से अक्सर जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने शहर के लोगों से सड़कों को साफ और अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की मांग की।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/raisen/mandideep/news/mandideep-railway-bridge-encroachment-drive-traffic-police-action-138642252.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/raisen/mandideep/news/mandideep-railway-bridge-encroachment-drive-traffic-police-action-138642252.html
Comments
Post a Comment