गोविंदगढ़ तालाब में एक हाथ कटा युवक का शव मिला:क्रीम और सफेद कलर की टीशर्ट पहने रहा; मगरमच्छ के हमले की आशंका
रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गोविंदगढ़ तालाब में करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव का एक हाथ गायब होने से मगरमच्छ के हमले की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस के अनुसार तालाब से युवक का शव बरामद किया गया। शव पर कोई कपड़ा नहीं था। वहीं घाट पर मृतक का सामान भी मिला है, जिसमें नीले रंग की जींस, दो रंगों की टी-शर्ट और एक जोड़ी चप्पल शामिल है। टी-शर्ट का दाहिना हिस्सा कत्थई और बायां हिस्सा सफेद रंग का है। पुलिस ने सामान जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सूचना भेजी है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी थाने में इस हुलिए से मेल खाने वाले युवक की गुमशुदगी दर्ज हो या किसी व्यक्ति को उसके संबंध में जानकारी हो तो तत्काल थाना गोविंदगढ़ या पुलिस कंट्रोल रूम रीवा को सूचित करें। प्रारंभिक जांच में शव का एक हाथ गायब मिलने से आशंका जताई जा रही है कि युवक पर तालाब में मगरमच्छ ने हमला किया हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/rewa/news/rewa-govindgarh-pond-youth-body-croc-attack-suspected-138433899.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/rewa/news/rewa-govindgarh-pond-youth-body-croc-attack-suspected-138433899.html
Comments
Post a Comment