एंबुलेंस न मिलने पर कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए:एक दिन पहले महिला ने यात्री प्रतीक्षालय में बच्चे को जन्म दिया था
दमोह में गर्भवती महिला को समय पर एम्बुलेंस न मिलने और यात्री प्रतीक्षालय में प्रसव होने के मामले को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा है कि अगर स्थानीय स्तर पर एम्बुलेंस नहीं थी, तो आसपास के ब्लॉक से गाड़ी बुलवाकर महिला को दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने इस लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताते हुए सीएमएचओ डॉ. राकेश राय को पूरी घटना की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जबेरा ब्लॉक के बम्होरी गांव की रहने वाली 30 साल की कविता बाई को बुधवार दोपहर प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घरवालों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन लगाया, लेकिन वहां से जवाब मिला कि गाड़ी आने में कम से कम एक घंटा लगेगा। महिला की हालत बिगड़ती देख रिश्तेदार उसे एक ई-रिक्शा में बैठाकर अस्पताल के लिए निकले, पर बदकिस्मत से रास्ते में बम्होरी बस स्टैंड के पास ई-रिक्शा की बैटरी डिस्चार्ज हो गई। इसके बाद मजबूरन महिला को वहीं बने यात्री प्रतीक्षालय में बैठाया गया। महिलाओं ने साड़ी का पर्दा बनाकर कराया प्रसव यात्री प्रतीक्षालय में बैठे-बैठे एक घंटा बीत गया, लेकिन एम्बुलेंस नहीं आई। जब महिला की तकलीफ बहुत ज्यादा बढ़ गई, तो परिजन ने गांव की कुछ महिलाओं को मदद के लिए बुलाया। महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए साड़ियों का पर्दा बनाया और प्रतीक्षालय के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। डिलीवरी होने के बाद बम्होरी सरपंच प्रतिनिधि रितेश राय ने इंसानियत दिखाते हुए अपनी निजी गाड़ी से जच्चा-बच्चा को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। भोपाल कॉल सेंटर से ली गई लोकेशन गुरुवार रात कलेक्टर ने इस मामले में एक वीडियो जारी कर जांच की बात कही। कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ ने भोपाल कॉल सेंटर फोन लगाकर एम्बुलेंस की लोकेशन का पता लगाया। वहां से जानकारी मिली कि उस समय दो एम्बुलेंस मरीजों को लेकर जबलपुर गई हुई थीं और एक एम्बुलेंस दमोह आई हुई थी। इस पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने साफ कहा कि एम्बुलेंस व्यस्त होने की स्थिति में दूसरे ब्लॉक से व्यवस्था की जानी चाहिए थी ताकि महिला को इस तरह परेशान न होना पड़ता। उन्होंने सीएमएचओ को जांच पूरी कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/damoh/news/damoh-pregnant-woman-delivery-ambulance-collector-probe-138402277.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/damoh/news/damoh-pregnant-woman-delivery-ambulance-collector-probe-138402277.html
Comments
Post a Comment