मन्दसौर शहर के जैन स्कूल के पीछे स्थित क्षेत्र में बुधवार देर शाम आपसी रिश्तेदारी के विवाद के चलते एक व्यक्ति के साथ मारपीट और चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, यशोधर्मन थाना पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल शाहरुख शाह ने बताया कि उसके मामा एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके हाथ और कन्धे पर चाकू से वार किया गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि घटना आपसी पारिवारिक विवाद के चलते हुई। विवाद बढ़ने पर मारपीट और चाकू चलने की नौबत आ गई, जिसमें शाहरुख शाह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इधर, घायल की पत्नी शरीफा ने यशोधर्मन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में नाहरू शाह, मंजूर शाह सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि घायल जिस स्थान पर चाकू लगने का दावा कर रहा है, उसी स्थान पर पहले से भी चाकू के कई पुराने निशान मौजूद हैं। वहीं झगड़े के बाद पीड़ित के द्वारा खुद को चोट पहुंचाने की बात भी सामने आई है। हालांकि वायडी नगर पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/mandsaur/news/mandsaur-man-attacked-relative-dispute-hospital-138337464.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/mandsaur/news/mandsaur-man-attacked-relative-dispute-hospital-138337464.html
Comments
Post a Comment