इंदौर में अपेंडिक्स ऑपरेशन के दौरान बच्चे की मौत:9 साल के इकलौते बेटे को खोने के बाद परिजनों का हंगामा, लापरवाही के लगाए आरोप
इंदौर के देवगुराड़िया स्थित एनर्जी अस्पताल में सोमवार को अपेंडिक्स के ऑपरेशन के दौरान 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलने पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जांच का आश्वासन देकर स्थिति शांत कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। मृतक निखिल मीणा (9) पिता दीपक मीणा निवासी नवलगांव, खातेगांव, को अपेंडिक्स की समस्या के चलते एनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया था। बच्चे के चाचा दिनेश मीणा के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया था। परिवार ऑपरेशन पूरा होने का इंतजार कर रहा था। ऑपरेशन के दो घंटे बाद मिली मौत की सूचना परिजनों का आरोप है कि करीब दो घंटे बाद, लगभग 3:30 बजे अस्पताल स्टाफ ने बताया कि बच्चे की तीन सर्जरी हुई हैं और उसे आईसीयू में शिफ्ट किया है। कुछ देर बाद अचानक परिवार को निखिल की मौत की जानकारी दी गई। परिजनों का कहना है कि इस दौरान कोई जिम्मेदार डॉक्टर या सर्जन सामने नहीं आया और न ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई। इकलौते बेटे की मौत से बदहवास हुआ परिवार निखिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मौत की खबर मिलते ही पिता दीपक मीणा और मां मोना मीणा बदहवास हो गए। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक परिजन लगातार यह जानने की कोशिश करते रहे कि सामान्य अपेंडिक्स ऑपरेशन के दौरान बच्चे की मौत कैसे हुई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अस्पताल में हंगामा, रात 9 बजे पहुंची पुलिस मासूम की मौत के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए डॉक्टरों की भूमिका पर सवाल उठाए। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर रात करीब 9 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। बाद में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों से करेंगे शिकायत परिजनों ने कहा कि मंगलवार को वे संबंधित डॉक्टरों की भूमिका की जांच कराने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि यदि ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चलेंगे कारण पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल प्रबंधन से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। बच्चे की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/energy-hospital-devguradiya-indore-child-death-negligence-protest-138435702.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/energy-hospital-devguradiya-indore-child-death-negligence-protest-138435702.html
Comments
Post a Comment