खंडवा गोहत्या केस में एक आरोपी पर रासुका लगाई:मौके से पकड़े गए रमजान के खिलाफ एक्शन; पूर्व के रिकॉर्ड को आधार बनाया
बकरीद के दौरान गोवंश वध और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंका के मद्देनजर खंडवा प्रशासन ने एक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत निरुद्ध करने का आदेश जारी किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर यह आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, मोघट रोड थाना क्षेत्र के बड़ियातुला निवासी रमजान पिता अकबर खान (30) के खिलाफ साल 2026 में दर्ज मामलों और उसकी गतिविधियों का परीक्षण करने के बाद प्रशासन ने उसे लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था के लिए खतरा माना है। पुलिस रिपोर्ट में क्या कहा गया
पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से ऐसी गतिविधियों में शामिल रहा है, जिनसे सांप्रदायिक वैमनस्य फैलने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका बनी रहती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बकरीद के अवसर पर गोवंश वध कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और समाज में तनाव उत्पन्न करने जैसे मामलों में उसका नाम सामने आया। प्रशासन के अनुसार, खंडवा शहर सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील श्रेणी में आता है। ऐसे में आरोपी की गतिविधियों से जनजीवन, कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। गोवंश वध मामले में दर्ज हुआ था प्रकरण
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 30 मई 2026 को मोघट रोड थाना क्षेत्र की रामेश्वर चौकी को सूचना मिली थी कि बड़ियातुला कब्रिस्तान के पीछे कुएं के पास गोवंश काटा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से गोमांस से भरी दो प्लास्टिक की बोरियां, रस्सियां और दो बाइकें जब्त की गईं। पशु चिकित्सक की प्रारंभिक जांच में बरामद मांस को गोमांस बताया गया था। इसके बाद गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। इस मामले में रमजान समेत कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अन्य मामलों का भी उल्लेख
रासुका आदेश में आरोपी के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों का भी उल्लेख किया गया है। इनमें चोरी के मामले और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत दर्ज केस शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि आरोपी लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ सामान्य कानूनी कार्रवाई पर्याप्त नहीं रही। इसी कारण राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई आवश्यक समझी गई। जिला दंडाधिकारी ने जारी किया निरुद्धीकरण आदेश
जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 की धारा 3(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए आरोपी को निरुद्ध करने का आदेश दिया है। आदेश के अनुसार आरोपी को जिला जेल खंडवा में निरुद्ध रखा जाएगा। प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि आरोपी द्वारा बकरीद के दौरान गोवंश वध किए जाने और उसके अवशेष बरामद होने की घटना से धार्मिक भावनाएं भड़कने तथा शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई। उपलब्ध तथ्यों और पुलिस प्रतिवेदन के आधार पर रासुका की कार्रवाई के पर्याप्त आधार पाए गए हैं।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/khandwa-mp-action-against-ramzan-cow-slaughter-rasuka-applied-138118553.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/khandwa-mp-action-against-ramzan-cow-slaughter-rasuka-applied-138118553.html
Comments
Post a Comment