बिजली कंपनी आउटसोर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत:6 घंटे शव खंभे पर ही लटका रहा, लाइट बंद करने की परमिशन ली, फिर लाइन चालू
आगर मालवा जिले की सुसनेर तहसील के बराई गांव में बुधवार को बिजली कंपनी आउटसोर्स कर्मचारी की ट्रांसफार्मर सुधारते समय करंट लगने से मौत हो गई। इसके बाद करीब 3 घंटे तक उसका शव खंभे पर ही लटका रहा, जिससे पूरे गांव का गुस्सा भड़क गया। करीब 6 घंटे बाद रात 8 बजकर 15 मिनट पर आउटसोर्स कर्मचारी का शव नीचे उतारा गया, परिजन 50 लाख मुआवजा और एक परिजन को नौकरी की मांग पर अड़े थे। बताया गया कि पुलिस ने सीनियर अधिकारियों को मांगें भेजने का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण माने। मृतक की पहचान सोयत कला के ही रहने वाले चेन सिंह कंडारा के रूप में हुई है। चेन सिंह ने काम शुरू करने से पहले नियम के मुताबिक बिजली सप्लाई बंद करने की लिखित अनुमति ली थी। इसके बावजूद, दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अचानक बंद लाइन में करंट दौड़ गया। खंभे पर काम कर रहे चेन सिंह को इतना जोरदार झटका लगा कि उन्होंने वहीं तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। अफसरों की बेरुखी से भड़के ग्रामीण हादसे के बाद हद तो तब हो गई जब कई घंटों तक बिजली कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। करीब 3 घंटे तक शव खंभे पर ही झूलता रहा। यह देखकर वहां मौजूद लोग गुस्सा हो गए। लोग बिजली कंपनी पर सीधे तौर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। माहौल बिगड़ता देख सुसनेर एसडीओपी देवनारायण यादव को पुलिस बल के साथ मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा। गांव वाले बोले- हम तो पहले ही चेता रहे थे स्थानीय निवासी बजरंग गुर्जर, रामकरण गुर्जर और महेश लौहार ने बताया कि बिजली कंपनी की यह लापरवाही कोई नई बात नहीं है। गांव वालों ने पहले भी अफसरों को सचेत किया था। ग्रामीणों ने जनवरी में बिजली कंपनी के उप सहायक यंत्री को लिखित आवेदन देकर आबादी वाले इलाके से गुजर रही खतरनाक हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग की थी। इसके बाद अप्रैल महीने में ग्राम पंचायत ने भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका जताते हुए तारों को ठीक करने का प्रस्ताव भेजा था। इसके बावजूद विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा, जिसका खामियाजा आज एक कर्मचारी को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। फोन बंद कर भागे जिम्मेदार इस दर्दनाक हादसे के बाद जब बिजली विभाग का पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो विभाग के जिम्मेदार भागते नजर आए। सुपरवाइजर पंकज वर्मा का मोबाइल फोन बंद मिला, वहीं लाइनमैन मुकेश दांगी ने भी कोई जवाब नहीं दिया। फिलहाल, ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने, दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को तुरंत उचित मुआवजा देने की मांग की है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/agar-malwa/news/madhya-pradesh-electricity-worker-death-susner-barai-village-138277844.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/agar-malwa/news/madhya-pradesh-electricity-worker-death-susner-barai-village-138277844.html
Comments
Post a Comment