एसबीआई गोल्ड लोन फर्जीवाड़े में 6 करोड़ की आशंका:मैनेजर, वैल्यूअर और खाताधारकों की भूमिका जांच के घेरे में, विजिलेंस भी सक्रिय
विदिशा में ईदगाह के पास स्थित एसबीआई की कृषि वाणिज्यिक शाखा में सामने आए गोल्ड लोन फर्जीवाड़े की जांच तेज हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अनियमितता में लगभग 6 करोड़ रुपए शामिल होने की आशंका है। इस मामले में तत्कालीन बैंक मैनेजर, अधिकृत वैल्यूअर (सुनार), बैंक स्टाफ और गोल्ड लोन लेने वाले कई खाताधारकों की भूमिका की जांच की जा रही है। कुछ लोगों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया था कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी तरीके से गोल्ड लोन स्वीकृत किए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर नकली या कम गुणवत्ता के आभूषण गिरवी रखकर ऋण लिया। मामला सामने आने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बैंक से कई बार दस्तावेज और जानकारी मांगी गई है, लेकिन बैंक की ओर से अभी तक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। विजिलेंस टीम भी विदिशा पहुंची
एसबीआई की विजिलेंस टीम ने भी विदिशा शाखा में छापा मारा है और वह भी मामले की जांच कर रही है। बैंक का वार्षिक ऑडिट भी चल रहा है, जिसके चलते बैंक अधिकारी फिलहाल जानकारी देने से बच रहे हैं। कोतवाली पुलिस अब तक करीब आठ लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक की जांच रिपोर्ट और दस्तावेज मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विजिलेंस टीम अपनी रिपोर्ट भोपाल कार्यालय को सौंपेगी, जिसके बाद जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने पुलिस सत्यापन कराने के लिए कहा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले के सभी बैंकों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामले में बैंक कर्मचारियों और वैल्यूअर की लापरवाही की आशंका सामने आ रही है। सभी बैंकों को निर्देश दिए गए हैं कि वैल्यूअर के रूप में कार्यरत व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनका पुलिस सत्यापन कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उनका संबंधित बैंक कर्मचारियों से कोई संबंध या सांठगांठ तो नहीं है। कलेक्टर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। सीएसपी अतुल सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है। बैंक भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है। बैंक की रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/vidisha/news/vidisha-sbi-gold-loan-scam-investigation-continues-138109130.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/vidisha/news/vidisha-sbi-gold-loan-scam-investigation-continues-138109130.html
Comments
Post a Comment