मंडी टैक्स में 50 फीसदी बढ़ोतरी पर किसान-व्यापारी हुए एकजुट:शुल्क 1 से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत करने के फैसले को वापस लेने की मांग
मध्यप्रदेश शासन द्वारा कृषि उपज मंडियों में मंडी शुल्क (मंडी टैक्स) को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के निर्णय के विरोध में मंगलवार को मंदसौर में किसानों और व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दर वापस लेने की मांग की। लालघाटी स्थित कृषि उपज मंडी में दशपुर मंडी व्यापारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान एवं व्यापारी एकत्रित हुए। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडी सचिव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि मंडी शुल्क में 50 प्रतिशत की वृद्धि से कृषि उपज के व्यापार पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। इसका सीधा असर किसानों और व्यापारियों दोनों पर होगा। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान में कृषि क्षेत्र पहले से ही बढ़ती उत्पादन लागत, परिवहन खर्च और बाजार की अनिश्चितताओं जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में मंडी शुल्क बढ़ाने का निर्णय कृषि व्यापार को प्रभावित करेगा। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने में भी कठिनाई हो सकती है। किसानों और व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से मंडी शुल्क को पूर्ववत 1 प्रतिशत बनाए रखने तथा बढ़ोतरी संबंधी निर्णय को तत्काल निरस्त करने की मांग की। इस दौरान मंडी परिसर में बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/mandsaur/news/mandsaur-mandi-tax-farmers-traders-protest-cm-demand-138209570.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/mandsaur/news/mandsaur-mandi-tax-farmers-traders-protest-cm-demand-138209570.html
Comments
Post a Comment