बालाघाट में हेड कांस्टेबल पर रेत माफिया ने चढ़ाया ट्रैक्टर:दो पसलियां टूटी, अवैध रेत परिवहन का वीडियो बनाते समय किया हमला; हालत गंभीर
बालाघाट जिले के पलाकामथी में मंगलवार देर शाम अवैध रेत उत्खनन रोकने गए प्रधान आरक्षक पर ट्रैक्टर चालक ने वाहन चढ़ा दिया। इस हमले में प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो बनाते समय चालक ने किया हमला आईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले और आरक्षक सुनील विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे थे। जब राजेश्वर राहंगडाले ट्रैक्टर को रोककर उसका वीडियो बना रहे थे, तभी चालक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस हादसे में प्रधान आरक्षक की दो पसलियां फ्रैक्चर हो गई हैं। बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर, बनाया गया कॉरिडोर गंभीर रूप से घायल प्रधान आरक्षक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से गोंदिया के यूनाइटेड अस्पताल रेफर किया गया। मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने बालाघाट से गोंदिया तक विशेष कॉरिडोर बनाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ गोंदिया रवाना हुए। अगले 72 घंटे 'वेट एंड वॉच' की स्थिति सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप के अनुसार, घायल की वर्तमान स्थिति सामान्य है, लेकिन पसलियों में फ्रैक्चर और आंतरिक चोटों के कारण अगले 72 घंटे 'वेट एंड वॉच' की स्थिति रहेगी। डॉक्टरों की टीम उनकी गहन निगरानी कर रही है। आरोपी चालक पुलिस हिरासत में पुलिस ने घटना के तुरंत बाद घेराबंदी कर ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। लालबर्रा थाना पुलिस ने अवैध उत्खनन और शासकीय कार्य में बाधा सहित जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/balaghat/news/balaghat-head-constable-attacked-tractor-illegal-sand-transport-video-138036428.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/balaghat/news/balaghat-head-constable-attacked-tractor-illegal-sand-transport-video-138036428.html
Comments
Post a Comment