डबरा अस्पताल के पीछे कचरे के ढेर में लगी आग:दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू; स्टोर रूम की दवाइयां और दस्तावेज बचे
डबरा सिविल अस्पताल परिसर के पीछे स्थित कचरे के कंपाउंड में गुरुवार शाम अचानक आग लग गई। कचरे के ढेर से उठती लपटों और धुएं को देख अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शाम 7 बजे अचानक भड़कीं लपटें घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। अस्पताल कर्मचारियों ने कचरे के ढेर से धुआं और तेज लपटें उठते देखीं। बीएमओ डॉ. आलोक त्यागी ने तत्काल इसकी जानकारी नगर पालिका और डबरा सिटी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने पानी की बौछारें शुरू कीं, लेकिन कचरा अधिक होने के कारण आग अंदर ही अंदर धधकती रही। पिछोर से बुलानी पड़ी दूसरी फायर ब्रिगेड आग की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका डबरा के साथ-साथ पिछोर नगर परिषद से भी एक फायर ब्रिगेड बुलाई गई। दो दमकल वाहनों ने मिलकर संयुक्त रूप से आग पर नियंत्रण पाया। आग पूरी तरह बुझने तक नगर पालिका की टीम लगातार पानी डालती रही ताकि दोबारा लपटें न उठें। बाल-बाल बचा अस्पताल का स्टोर रूम राहत की बात यह रही कि जहां आग लगी थी, उसके ठीक बगल में ही अस्पताल का स्टोर रूम स्थित है। इस रूम में बड़ी मात्रा में दवाइयां और महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज रखे हुए थे। यदि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंचती, तो आग स्टोर रूम तक फैल सकती थी, जिससे लाखों का नुकसान हो सकता था। आग लगने के कारणों की जांच जारी बीएमओ डॉ. आलोक त्यागी ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया है और स्टोर रूम पूरी तरह सुरक्षित है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, प्रबंधन इसकी जांच कर रहा है। घटना के दौरान सिटी थाना पुलिस बल भी सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर तैनात रहा।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/dabra/news/dabra-hospital-fire-rubbish-dump-control-medicine-documents-safe-138052060.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/dabra/news/dabra-hospital-fire-rubbish-dump-control-medicine-documents-safe-138052060.html
Comments
Post a Comment