नरसिंहपुर जिले के माचामऊ गांव में शनिवार को एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, एक पक्ष से मुकेश काछी (36 वर्ष) पुत्र यशवंत काछी और उनके भाई सुनील काछी घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष से निलेश काछी (27 वर्ष) और उनकी मां सुमन बाई को चोटें आई हैं। घायल निलेश ने बताया कि शुक्रवार को आई तेज आंधी के कारण उनके खेत की मेढ़ का कचरा पड़ोसी यशवंत और सुनील के खेत में चला गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। निलेश के मुताबिक, यशवंत और सुनील ने उनकी मां सुमन बाई से कहा कि यह कचरा उन्होंने उनके खेत में फेंका है और इसे हटाने को कहा। इस बात पर गाली-गलौज शुरू हो गई। बाद में जब निलेश अपने बैल लेकर गांव के रास्ते से गुजर रहे थे, तब सुनील से उनका फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची सुमन बाई के हाथ में भी चोट लगी है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। स्टेशनगंज थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/narsinghpur/news/narsinghpur-village-clash-over-garbage-woman-4-injured-138067177.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/narsinghpur/news/narsinghpur-village-clash-over-garbage-woman-4-injured-138067177.html
Comments
Post a Comment