भिंड में मिहोनी के जंगल में भीषण आग:गांव तक पहुंचीं लपटें, ग्रामीण खुद आग बुझाने में जुटे, तीन घंटे बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची
भिंड जिले के मिहोनी क्षेत्र के जंगल में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बीहड़ के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें गांव के नजदीक तक पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना देने के बाद भी देर रात तक फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास करते रहे। करीब 3 घंटे बाद भी नहीं पहुंची एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, मिहोनी के बीहड़ क्षेत्र में शाम के समय अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में जंगल के बड़े हिस्से में धुआं और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। आग गांव के नजदीक पहुंचने पर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और पेड़ों की टहनियों, मिट्टी तथा पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने की सूचना तत्काल प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन रात करीब 9 बजे तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। वन्यजीवों को भी खतरा
बीहड़ क्षेत्र में सूखी झाड़ियां और घास अधिक होने के कारण आग लगातार फैलती रही। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो यह और बड़े क्षेत्र को नुकसान पहुंचा सकती है। आग से वन संपदा और वन्यजीवों को भी खतरा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल दमकल और राहत टीम भेजने की मांग की है, ताकि आग पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके और गांवों को किसी बड़े खतरे से बचाया जा सके।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhind/news/bhind-forest-fire-village-flames-fire-brigade-late-138044196.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhind/news/bhind-forest-fire-village-flames-fire-brigade-late-138044196.html
Comments
Post a Comment