बस हादसों के बाद विदिशा में चला सघन जांच अभियान:450 बसों की जांच में 92 पर कार्रवाई, इमरजेंसी गेट बंद मिलने पर फिटनेस निरस्त
प्रदेश में हाल ही में हुई यात्री बस दुर्घटनाओं के बाद विदिशा जिला प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गया है। सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में एक विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की टीमों ने 450 बसों की सघन जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाली 92 बसों पर कार्रवाई करते हुए 76,300 रुपए का समन शुल्क वसूला। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। इसमें यातायात पुलिस, थाना प्रभारियों और जिला परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने प्रमुख मार्गों, बस स्टैंडों और चेकिंग पॉइंट्स पर बसों की जांच की। आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई
जांच के दौरान बसों में इमरजेंसी गेट, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट और रजिस्ट्रेशन जैसे आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसके अतिरिक्त, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी अनियमितताओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रशासन ने उन बसों पर विशेष सख्ती बरती, जिनमें इमरजेंसी गेट बंद कर अतिरिक्त सीटें लगाई गई थीं। ऐसे मामलों में वीडियोग्राफी और पंचनामा तैयार कर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। एक बस की फिटनेस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। 92 बसों पर वैधानिक कार्रवाई की गई
अभियान के तहत पुलिस ने 74 बसों पर कार्रवाई करते हुए 40,300 रुपए का समन शुल्क वसूला, जबकि परिवहन विभाग ने 18 बसों पर कार्रवाई कर 36,000 रुपए का जुर्माना लगाया। इस प्रकार, कुल 92 बसों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बस संचालकों और चालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस, ओवरलोडिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने और यात्रियों का भरोसा मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/vidisha/news/vidisha-bus-safety-drive-fine-76k-138059210.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/vidisha/news/vidisha-bus-safety-drive-fine-76k-138059210.html
Comments
Post a Comment