बैतूल में सामाजिक संगठन बोले-शराब बंदी की जाए:अवैध शराब बिक्री से बिगड़ रहा पारिवारिक माहौल, अपराध बढ़ने का लगाया आरोप
बैतूल में शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जिले में शराबबंदी और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। संगठनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और खुलेआम सेवन से सामाजिक एवं पारिवारिक माहौल बिगड़ रहा है। इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, साथ ही घरेलू हिंसा और अपराध के मामलों में वृद्धि हो रही है। संगठनों ने बताया कि बैतूल, भैंसदेही, आमला सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री का कारोबार तेजी से फैल रहा है। इसके चलते ग्रामीण समाज में असुरक्षा का माहौल है और सामाजिक समरसता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। संगठनों ने कहा-सख्त कार्रवाई की जाए संगठनों ने प्रशासन से अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने सार्वजनिक एवं धार्मिक आयोजनों में शराब परोसने या सेवन करने वालों के खिलाफ भी दंडात्मक कदम उठाने की अपील की। ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 और मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं का उल्लेख किया गया। इसके आधार पर प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई। संत सिंगाजी गवली समाज संगठन, मेहरा समाज संगठन, संघर्षशील कोरकू समाज संगठन, जयस सहित अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने जोर दिया कि शराबबंदी लागू करने से ही समाज में अपराध, हिंसा और सामाजिक विघटन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। इस अवसर पर कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। संगठनों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपील की, ताकि जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक शांति बनी रहे।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/betul/news/betul-illegal-liquor-sale-impacts-family-crime-137314645.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/betul/news/betul-illegal-liquor-sale-impacts-family-crime-137314645.html
Comments
Post a Comment