आवन के वाचस्पति विद्यालय में होगा वैदिक सम्मेलन:तीन दिन तक चलेगा आयोजन, दिग्विजय सिंह होंगे उद्घाटन सत्र में शामिल
राघौगढ़ इलाके के ग्राम आवन में होने जा रहे त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन एवं चतुर्वेद पारायणम् की तैयारियों को लेकर विधायक जयवर्द्धन सिंह ने गुरुवार को स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं मंच, पंडाल, श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि यह भव्य आयोजन महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद विद्याप्रतिष्ठानम्, उज्जैन (भारत सरकार) और श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर समिति ट्रस्ट आवन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में वेदाचार्य, प्रोफेसर, संत-महात्मा एवं संस्कृत विश्वविद्यालयों के विद्वान देश के विभिन्न राज्यों से शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह होंगे शामिल आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का आगमन शुक्रवार शाम को आवन में होगा। वे 15 और 16 नवम्बर को होने वाले प्रमुख सत्रों में शामिल रहेंगे और उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता भी करेंगे। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों, वेदसंदेश यात्रा, वेद व्याख्यान तथा संतों के आशीर्वचन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्यक्रम के अनुसार 15 नवम्बर (शनिवार) को वेदसंदेश यात्रा, छात्रावास भवन लोकार्पण, उद्घाटन सत्र होगा। 16 नवम्बर (रविवार) को चतुर्वेद पारायणम्, वेदविषय व्याख्यान, विराट कवि सम्मेलन। 17 नवम्बर (सोमवार) को पादुका पूजन और समापन समारोह होगा। निरीक्षण के दौरान विधायक जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए हमारी सनातन परंपरा और वैदिक संस्कृति का जीवंत उदाहरण बनेगा। उन्होंने बताया कि ग्राम आवन और आसपास के क्षेत्रों में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण, विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक मिलकर कार्यक्रम की तैयारी में जुटे हैं। श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है और सम्मेलन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/guna/news/vedic-conference-will-be-held-in-vachaspati-vidyalaya-of-aavan-136410280.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/guna/news/vedic-conference-will-be-held-in-vachaspati-vidyalaya-of-aavan-136410280.html
Comments
Post a Comment