रीवा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती:जिलेभर में कार्यक्रम, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल बोले- अमिट योगदान भुलाया नहीं जा सकता
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती आज जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को नमन करते हुए 15 नवंबर को मनाए जाने वाले गौरव दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के गौरवपूर्ण इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और बिरसा मुंडा के अद्वितीय संघर्ष से लोगों को परिचित कराना रहा। जिले के अलग–अलग हिस्सों में जनजातीय संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां, सम्मान समारोह और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हुए। लोगों ने बिरसा मुंडा को याद करते हुए उनके ‘उलगुलान’ आंदोलन और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रशासन और स्वैच्छिक संगठनों द्वारा जनजातीय समाज की उपलब्धियों और परंपराओं पर प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें युवाओं की विशेष भागीदारी रही। रीवा के जीडीसी कॉलेज में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों ने बिरसा मुंडा के जीवन, उनके विचारों और समाज सुधार के प्रयासों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा किया और देश की आज़ादी की लड़ाई में अमिट योगदान दिया। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जनजातीय समुदाय के उत्थान और उनकी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से प्रेरणा लेने और बिरसा मुंडा के त्याग, साहस और आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। गौरव दिवस के इस आयोजन ने जिले में जनजातीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव का संदेश एक बार फिर गूंजाया।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/rewa/news/150th-birth-anniversary-of-lord-birsa-munda-in-rewa-136426125.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/rewa/news/150th-birth-anniversary-of-lord-birsa-munda-in-rewa-136426125.html
Comments
Post a Comment