RDVV हॉस्टल में छात्रों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव:जर्जर बिल्डिंग, गंदगी के बीच रहने को मजबूर विद्यार्थी
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के देवेंद्र हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी इस कदर जीवन जीने को मजबूर हैं कि उन्हें अपने भविष्य की चिंता से ज़्यादा जर्जर हॉस्टल में रहने का डर सता रहा है। पन्ना, मंडला, डिंडोरी जैसे दूर-दराज के क्षेत्रों से उच्च शिक्षा का सपना लेकर आए छात्रों को यहां मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रहना पड़ रहा है। हॉस्टल की बदहाली का आलम यह है कि छात्रों को बिजली, पीने के पानी, पंखे और साफ-सफाई जैसी अति आवश्यक चीज़ों के लिए भी जूझना पड़ रहा है। हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों ने बताया कि जर्जर बिल्डिंग के अंदर न तो लाइट की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की। गर्मी में छात्रों को सोने के लिए पंखा तक नहीं मिल रहा है, क्योंकि पंखे या तो खराब हैं या चलते ही नहीं। छात्र हर्ष ने बताया कि, हॉस्टल तो मिल गया मगर इसमें रहने में डर लगता है। न पानी, न खाना, न सफाई कोई सुविधा नहीं है।" हॉस्टल की स्थिति इतनी खराब है कि कमरों की कंडीशन बहुत खराब है और चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। छात्रों के लिए सबसे बड़ी समस्या साफ-सफाई और टॉयलेट की बदहाली है, जिनकी महीनों से सफाई नहीं की गई है। पीने के पानी के लिए लगा वाटर कूलर भी बीते 6 महीने से बंद पड़ा है। छात्रों का कहना है कि वे जब भी इसकी शिकायत करने जाते हैं, तो केवल यही कहा जाता है कि "बन जाएगा," मगर आज तक कोई सुधार नहीं हुआ। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डी.के. बघेल ने एक बड़ी योजना का हवाला देते हुए जल्द सुधार का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि पीएम उषा योजना के तहत हॉस्टल का इनॉग्रेशन होना है और इसके लिए भूमिपूजन हो चुका है। रजिस्ट्रार ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही हॉस्टल के जीर्णोद्धार का काम चालू हो जाएगा। हालांकि, छात्रों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासनों पर नहीं, बल्कि तत्काल सुविधाओं पर भरोसा है, ताकि वे सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/students-in-rdvv-hostels-lack-basic-amenities-136139965.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/students-in-rdvv-hostels-lack-basic-amenities-136139965.html
Comments
Post a Comment