बिजली तारों पर उल्टा लटका तड़पता रहा कर्मचारी:जबलपुर में खंभे पर 10 मिनट तड़पता रहा, धमाके हुए; वीडियो आया सामने
जबलपुर में शनिवार को बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान एक कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया। वह करीब 10 मिनट तक तारों में फंसा तड़पता रहा। इस दौरान धमाके के साथ चिंगारियां निकलीं। इसका वीडियो भी सामने आया है। घटना पनागर थाना क्षेत्र के रैपुरा गांव की है, जहां बिजली के खंभे की शिफ्टिंग का काम चल रहा है। यह काम मून लाइटिंग कंपनी को ठेके पर मिला है। शनिवार को कंपनी का कर्मचारी उदित राज परस्ते बिजली के कनेक्शन काटने के लिए खंभे पर चढ़ा था। साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। यहां उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। अचानक आया करंट, पोल पर ही लटक गया बिजली कनेक्शन काटने के दौरान लाइन में करंट आ गया। इससे उदित राज तारों की चपेट में आकर वहीं लटक गया। साथी कर्मचारियों ने लकड़ी के डंडे और सूखी रस्सियों की मदद से उसे तारों से अलग करने का प्रयास किया। लेकिन उसे अलग नहीं कर सके। इसके बाद बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। बिना परमिट कर रहे थे पोल शिफ्टिंग घटना को पनागर थाना पुलिस ने स्वतः: संज्ञान में लिया है। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार का कहना है कि अभी तक शिकायत नहीं आई है, लेकिन घटना गंभीर है। टीआई के मुताबिक, जांच के दौरान यह भी पता चला है कि मून लाइटिंग कंपनी ने पोल शिफ्टिंग से पहले बिजली विभाग से परमिट नहीं लिया था। कंपनी के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है। बिजली कंपनी ने ठेका कंपनी से मांगा जवाब बिजली विभाग में पदस्थ सुमीत कुमार का कहना है कि रैपुरा गांव में लोक निर्माण विभाग के द्बारा रोड निर्माण होना है। इसके लिए बिजली के पोल की शिफ्टिंग की जा रही है। यह काम प्राइवेट कंपनी को मिला है। जेई ने बताया कि मून लाइटिंग कंपनी ने बिजली कंपनी को जानकारी नहीं दी थी। इसे लेकर मून लाइटिंग कंपनी के अधिकारियों से जवाब मांगा है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/the-employee-kept-suffering-from-the-current-the-villagers-kept-saving-him-with-wood-136146400.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/the-employee-kept-suffering-from-the-current-the-villagers-kept-saving-him-with-wood-136146400.html
Comments
Post a Comment