कुबरेश्वरधाम में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं को मिला अन्नकूट:प्रदीप मिश्रा बोले- अन्नकूट प्रसादी अर्पित करने वालों के जीवन में आती है सुख-समृद्धि
सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में बुधवार को भव्य अन्नकूट उत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें बृजधाम की झलक दिखाई दी। मंदिर परिसर में गोवर्धन पर्वत और छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। देशभर से 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन के दौरान करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। मंदिर परिसर के विशाल हाल में पंडित मिश्रा और विठलेश सेवा समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी में अन्नकूट दर्शन का आयोजन किया गया। इसके बाद गोवर्धन नाथ और कुबेरेश्वर महादेव की आरती कर प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो लगातार आठ घंटे तक जारी रहा। भोग में 56 से अधिक व्यंजन परोसे गए, जिनमें तीन प्रकार की खीर, भजिए, एक दर्जन से अधिक मिठाइयां और औषधीय पकवान शामिल थे। विशेष रूप से इम्यूनिटी बढ़ाने वाले व्यंजन — तुलसी, अदरक, नारियल, आंवला, पनीर, पालक, मैथी और ड्राय फ्रूट के पकवान — श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं शुगर-फ्री मिठाईयों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। पंडित मिश्रा ने कहा जो श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का प्रसाद अर्पित करते हैं, उनके जीवन में सुख-समृद्धि और शुभ फल की प्राप्ति होती है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sehore/news/more-than-1-lakh-devotees-received-annakut-at-kubreswar-dham-136284621.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sehore/news/more-than-1-lakh-devotees-received-annakut-at-kubreswar-dham-136284621.html
Comments
Post a Comment