ग्वालियर में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए एक नाबालिग कार चालक ने कई लोगों की जान को खतरे में डाल दी। पुलिस को देखते ही नाबालिग कार चालक ने वाहन को रफ्तार दे दी। कार को रोकने का प्रयास कर रहे प्रधान आरक्षक (हवलदार) को चालक ने टक्कर मार दी। उछलकर हवलदार कार के बोनट पर आकर गिरा और लटक गया। नाबालिग चालक 25 फीट तक हवलदार को लटकाकर ले गया। इसके बाद चालक को पकड़ लिया गया है। घटना शनिवार रात 9.30 बजे बहोड़ापुर चौराहे की है। हवलदार घायल हुआ है उसे चोटें आई हैं। पुलिस ने कार चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीन दिन में इस तरह की यह दूसरी घटना है। दो दिन पहले पड़ाव थाना स्थित रेसकाेर्स रोड पर ऐसा ही हादसा हुआ था। ग्वालियर में शनिवार रात बहोड़ापुर तिराहा पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी ट्रांसपोर्ट नगर की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार MP07 CH-4910 का चालक तेज रफ्तार में आता हुआ दिखाई दिया। चेकिंग कर रही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बदले स्पीड़ बढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने सामने आए प्रधान आरक्षक (हवलदार) रामनिवास गुर्जर को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हवलदार हवा में उछला और कार के बोनट पर आकर गिरा। इसके बाद कार चालक जवान को 25 से 30 फीट तक अपने साथ घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने उसे घेरा और पकड़ लिया, लेकिन कार रोकने पर हवलदार झटके से सड़क पर गिरा और घायल हो गया। घटना के समय कार को एक नाबालिग लड़का चला रहा था और उसके पास वाली सीट पर उसका हम उम्र बैठा था। पुलिस जवानों ने घायल हवलदार को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है। हवलदार को सिर में चोट आई है। रिटायर्ड दरोगा का पोता है नाबालिग कार चालक ऐसा पता लगा है कि हवलदार को कार से टक्कर मारकर बोनट पर लटकाकर घसीटने वाला नाबालिग कार चालक ट्रांसपोर्ट नगर लक्ष्मीपुरम का निवासी है। चालक की उम्र 17 साल बताई जा रही है। उसके दादा पुलिस विभाग से सेवानिवृत दरोगा हैं। नाबालिग कार चालक के साथ एक अन्य नाबालिग कार में सवार था। दो दिन पहले पड़ाव में सिपाही को बोनट पर लटकाकर घसीटा था यह पहली घटना नहीं है जिसमें पुलिस वालों के साथ ऐसा हुआ है। अभी दो दिन पहले ही एक नाबालिग कार चालक ने पड़ाव इलाके में काली फिल्म की चेकिंग कर रहे पुलिस जवान को कार से टक्कर मारी और बोनट पर लटका कर दूर तक घसीटा था। इतना ही नहीं कार चालक ने आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों को टक्कर मारी थी। जिसमें पुलिस जवान अतुल शर्मा समेत चार लोग घायल हुए थे। उस घटना के बाद अब बहोड़ापुर में यह घटना हुई है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/hit-and-run-minor-again-drove-car-on-the-road-135912916.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/hit-and-run-minor-again-drove-car-on-the-road-135912916.html
Comments
Post a Comment