यहां कचरा ही करंसी:एक महीने में 1 से 3 हुए कचरा कैफे, लोग पुराना सामान देकर ले रहे ज्वैलरी, मिलेट्स व घरेलू चीजें, चाय-नाश्ता भी कर रहे
पुरानी कहावत है- "आम के आम और गुठलियों के दाम"। भोपाल नगर निगम ने इस कहावत को हर्कीकत बना दिया है। 10 नंबर पर खुले देश के पहले कचरा कैफे में लोग बेकार पड़ा सामान देकर न सिर्फ चाय-नाश्ता का लुत्फ ले रहे हैं, बल्कि घर की जरूरत का सामान भी खरीद रहे हैं। सिर्फ एक महीने में 750 से ज्यादा लोग इसका लाभ ले चुके हैं। लोगों के उत्साह को देखते हुए नगर निगम ने अब बोट क्लब और बिट्टन मार्केट पर भी दो और कचरा कैफे शुरू कर दिए हैं। यहां आप पुराने कपड़े से लेकर अखबार, किताबें, प्लास्टिक, ई-वेस्ट, यहां तक कि खराब एसी तक जमा कर सकते हैं। इसके बदले मिलने वाली रकम सीधे आपके कचरा कैफे अकाउंट में जुड़ जाती है। चाहें तो उसी समय चाय-नाश्ता कर लीजिए या बाद में अचार, पापड़, मिलेट्स, मिट्टी के सामान, ज्वैलरी, टेराकोटा और दूसरे घरेलू प्रोडक्ट खरीद सकते हैं। कचरा दो, सामान लो... कचरा कैफे में फिलहाल 19 तरह के बेकार सामान लिए जाते हैं। बदले में मिलने वाले पैसे सिर्फ कैफे के सामान या चाय-नाश्ते पर ही खर्च किए जा सकते हैं। यानी यहां कचरा ही करंसी है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/in-a-month-the-number-of-garbage-cafes-increased-from-1-to-3-people-are-exchanging-old-stuff-for-jewellery-millets-and-household-items-and-also-having-tea-and-snacks-135874238.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/in-a-month-the-number-of-garbage-cafes-increased-from-1-to-3-people-are-exchanging-old-stuff-for-jewellery-millets-and-household-items-and-also-having-tea-and-snacks-135874238.html
Comments
Post a Comment