जबलपुर में स्मार्ट सिटी की मंडी बेकार:3 करोड़ की लागत से बनी मंडी खंडहर में तब्दील, सड़कों पर अब भी लग रही दुकानें
स्मार्ट सिटी योजना के तहत 5 साल पहले 3 करोड़ रुपए की लागत से जबलपुर के संजीवनी नगर, कछपुरा में बनी सब्जी मंडी अब अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रही है। इस मंडी का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर लगने वाली दुकानों को एक व्यवस्थित जगह देना था ताकि ट्रैफिक की समस्या खत्म हो सके। लेकिन, नगर निगम की लापरवाही और उदासीनता के कारण यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब खंडहर में तब्दील हो चुकी है। 3 दिन पहले दी सूचना, कार्रवाई नहीं हुई हाल ही में मंडी में लगा शेड गिर गया था। जिससे व्यापारियों में भारी रोष है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई वहां मौजूद नहीं था। स्थानीय सब्जी व्यापारियों का आरोप है कि 3 दिन पहले ही शेड में पानी भरने की सूचना नगर निगम को दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। क्षेत्रीय पार्षद से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और न ही मौके पर आए। सड़क पर दुकान लगाने वाले ठेले वालों से नगर निगम अधिकारियों द्वारा पैसे लेकर उन्हें हटाने के बजाय वहीं बने रहने देने का आरोप भी व्यापारियों ने लगाया है। सब्जी विक्रेता मोहनी बाई चक्रवर्ती ने बताया- मंडी में बिक्री न होने के कारण लाखों रुपए का कर्ज हो गया है। हम दिन भर में 10 हजार रुपए का सामान लाते हैं, लेकिन कमाई सिर्फ 500 रुपए होती है। इस पैसे से घर चलाएं या बच्चों की फीस भरें। निगम में नेता प्रतिपक्ष ने भी उठा सवाल नेता प्रतिपक्ष अमीश मिश्रा ने भी मौके का मुआयना किया और नगर निगम तथा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों से बात करनी चाहिए और उन्हें मंडी में व्यवस्थित करने के लिए एक प्रभावी योजना बनानी चाहिए। अगर सड़कों पर दुकानें लगती रहेंगी तो लोग मंडी में सब्जी खरीदने क्यों आएंगे। 3 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस मंडी को अगर सही तरीके से संचालित किया जाता तो यह न सिर्फ व्यापारियों को राहत देती बल्कि शहर की ट्रैफिक समस्या को हल करने में भी मदद करती।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/smart-city-market-is-useless-in-jabalpur-135721498.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/jabalpur/news/smart-city-market-is-useless-in-jabalpur-135721498.html
Comments
Post a Comment