घायल शिक्षक तड़पते रहे, पुलिस ने नहीं की मदद:पुलिस से भाग रहे कारसवार तस्करों ने मारी थी टक्कर, राहगीरों ने बुलाई एंबुलेंस
नीमच जिले की नयागांव चौकी पुलिस गुरुवार सुबह 11 बजे तस्करों की बलेनो कार का पीछा कर रही थी। इसी दौरान कार ने शिक्षक नंदकिशोर धाकड़ को टक्कर मार दी। हादसे के बाद तस्कर मौके से भाग निकले। पीछे आ रही पुलिस भी घायल शिक्षक की मदद किए बिना आगे बढ़ गई। पुलिस ने ना तो 108 एंबुलेंस को कॉल किया, न ही रुककर हाल जाना। शिक्षक सड़क पर तड़पते रहे। काफी देर बाद पीछे से आ रहे एक महिला और पुरुष ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। इसके बाद घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि शिक्षक के हाथ और पैर दोनों में फ्रैक्चर है। पुलिस अधीक्षक अंकित जासवाल ने बताया कि गुरुवार सुबह नयागांव पुलिस को तस्करों की सूचना मिली थी। इसके बाद नाकाबंदी की गई। एक संदिग्ध बलेनो कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुकी। पुलिस ने पीछा किया। आगे जाकर कार को रोका गया। कार से 90 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। कार में सवार दो तस्कर कुशाल सिंह पिता विक्रम सिंह राठौर, निवासी बड़वई जिला धार और विनोद पिता कारुलाल कुमातव, ग्राम अंबा जिला रतलाम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों तस्करों पर दुर्घटना करने का अलग से मामला दर्ज किया जा रहा है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/neemuch/news/the-injured-teacher-kept-writhing-in-pain-the-police-did-not-help-135033701.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/neemuch/news/the-injured-teacher-kept-writhing-in-pain-the-police-did-not-help-135033701.html
Comments
Post a Comment