भोपाल के परवलिया इलाके में बुधवार शाम पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी बहू को गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक, ईश्वर सिंह लवाना नाम के व्यक्ति का अपने बेटे नरेश से पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद को लेकर झगड़ा हो रहा था। बहस इतनी बढ़ गई कि ईश्वर सिंह ने घर के भीतर से अपनी लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक निकाल ली और बेटे-बहू पर गोली चला दी। गोली बहू संगीता लवाना (32) को बाएं हाथ की कोहनी पर लगी। उस वक्त वह अपने पति को बचाने के लिए आगे आई थी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सर्जरी कर गोली निकाली। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थाना प्रभारी रोहित नागर ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब 4 बजे की है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ईश्वर का झगड़ा पहले बेटे नरेश से हुआ, फिर गुस्से में आकर उसने गोली चला दी। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर परिवार में पहले से ही तनाव बताया जा रहा है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि झगड़े की शुरुआत पानी भरने की बात पर हुई थी, जो बाद में उग्र हो गया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही चश्मदीदों के बयान लिए जाएंगे। आरोपी ससुर ईश्वर सिंह पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/father-in-law-fired-a-bullet-at-daughter-in-law-it-hit-her-hand-134983160.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/father-in-law-fired-a-bullet-at-daughter-in-law-it-hit-her-hand-134983160.html
Comments
Post a Comment