Skip to main content

हर्षा रिछारिया महाकुंभ छोड़ेंगी, छोटे टेंट में हुईं कैद:बोलीं- न मैं मॉडल हूं, न संत; बदनाम करने वालों को पाप लगेगा

'मैं न कोई मॉडल हूं और न ही कोई संत...मैं सिर्फ एक एंकर और एक्ट्रेस थी। संतों ने महिला होने के बावजूद मेरा अपमान किया। आनंद स्वरूप को पाप लगेगा।' यह कहकर हर्षा रिछारिया रो पड़ती हैं। प्रयागराज के महाकुंभ नगर में पेशवाई के रथ पर बैठने के बाद चर्चा में आईं हर्षा रिछारिया ने खुद को 10 बाई 10 के टेंट में कैद कर लिया है। 24 घंटे से वह इसी टेंट में हैं। हर्षा मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली हैं। दैनिक भास्कर से एक्सक्लूसिव बातचीत में हर्षा ने कहा- अब मुझे डर लग रहा है। मेरे ऊपर लग रहे आरोपों से मैं त्रस्त हूं, परेशान हूं। अब मैं महाकुंभ मेला छोड़कर चली जाऊंगी। मैं पूरे महाकुंभ में रहने के लिए यहां आई थी। मैं सिर्फ महाराज जी की भक्त हूं। कैलाश आनंद के विचारों से प्रभावित होकर उनके साथ आई थी। हर्षा ने एक-एक कर हमारे सवालों के जवाब दिए, पढ़िए पूरा इंटरव्यू... सवाल: आप मॉडल, संत या सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर...क्या हैं? जवाब: मैं संत नहीं हूं। संत अपने आप में बहुत बड़ी पदवी होती है, इसका टैग मुझे नहीं दिया जाए। मैं कभी भी मॉडल नहीं रही हूं। इसलिए मैं यह टैग भी एक्सेप्ट नहीं कर सकती। मैं सिर्फ एक साधारण सी शिष्या हूं, जो अपने गुरुदेव के सानिध्य में महाकुंभ को जानने, महसूस करने और समझने के लिए तीर्थराज प्रयागराज में आई है। सवाल: आप महामंडलेश्वर के रथ में सवार हुईं, संतों ने इसका विरोध किया, क्या कहेंगी? जवाब: मुझे जो पर्सनली फील होता है, वो यह है कि अगर कोई भी इंसान वेस्टर्न कल्चर को छोड़कर, सनातन धर्म की संस्कृति से जुड़ना चाहता है, समझना चाहता है, उसमें समाना चाहता है, उसमें रम जाना चाहता है। तो मुझे लगता है कि हिंदू होने के नाते, सनातनी होने के नाते हमें खुशी से उसे परिवार में, धर्म में शामिल करना चाहिए, न कि उसका विरोध करना चाहिए। उसे बच्चे की तरह ट्रीट करना चाहिए। उसका विरोध करना बहुत गलत बात है। सवाल : कैलाशानंद गिरी महाराज के संपर्क में कैसे आईं और कैसे धर्म अध्यात्म समझा? जवाब : परम पूज्य गुरुदेव की बात है, तो मैंने उनसे कुछ समय पहले ही शिक्षा-दीक्षा ली। मंत्र दीक्षा ली है। उनके जो लाखों शिष्य हैं, बच्चे हैं। उन बच्चों में से मैं उनकी एक बेटी हूं, शिष्या हूं। मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे उनका सानिध्य मिला। वह सिद्ध पुरुष हैं। विश्व में उनकी ख्याति है। पूरी दुनिया के लोग उनसे जुड़ना चाहते हैं। सवाल: आपके संगम में शाही स्नान को लेकर विवाद हुआ, क्या कहेंगी? जवाब : हर कोई संगम या अमृत स्नान के लिए तड़पता है। हर कोई चाहता है कि साधु-संतों के सानिध्य में, उनकी छत्र-छाया में हमको यह अमृत स्नान करने का सौभाग्य प्राप्त हो। रही बात मेरी शाही सवारी में बैठने की, जिसके लिए विवाद हो रहा है, तो बता दूं- वो विवाद का मुद्दा नहीं था। उसमें सिर्फ मैं नहीं बैठी थी। सिर्फ मैंने भगवा शॉल नहीं ओढ़ा था। सबसे बड़ी बात अगर हिंदू होने के नाते, सनातनी होने के नाते अगर मैंने भगवा शॉल ओढ़ा तो यह गर्व की बात होनी चाहिए थी। लोगों को गर्व होना चाहिए था कि आज युवा सनातन धर्म में रम रहा है। यह तो पूरे सनातन धर्म के लिए गर्व की बात है। मैं प्रयासरत हूं कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा प्रेरित कर सकूं, लेकिन अगर मैं ही ऐसा नहीं कर पाऊंगी, तो दूसरों को क्या जागरूक कर पाऊंगी। मीडिया ने मुझे टारगेट किया शाही सवारी में उस वक्त मेरे अलावा बहुत से गृहस्थ लोग भी बैठे हुए थे। जिनका अपना परिवार है, बच्चे हैं, मां-बाप हैं, लेकिन मुझे लगता है कि मीडिया ने मुझे टारगेट किया हुआ था। सिर्फ हमारे निरंजनी अखाड़े में गृहस्थ लोग नहीं थे। अलग-अलग अखाड़ों की शाही सवारी में गृहस्थ लोग बैठे थे। ये कोई विवाद का मुद्दा नहीं था। अगर किसी बच्चे से गलती होती है, तो उसे समझाना चाहिए। लेकिन उसे विवादों में घेरना, नाम खराब करना गलत है। उसे पहले साध्वी का टाइटल देना, फिर मॉडल का टाइटल दे देना। यह बहुत गलत बात है। सवाल : अब कैसा फील कर रही हैं? क्या लग रहा है? जवाब : मुझे अब बहुत कष्ट हो रहा है। मैंने सोचा था कि 144 साल बाद ये पूर्ण महाकुंभ आया है। मैं बहुत-सी उम्मीदें लेकर आई थी। शायद यह जिंदगी का पहला और आखिरी पूर्ण महाकुंभ है। मैंने सोचा था कि पूज्य गुरुदेव के सानिध्य में धर्म-संस्कृति और कुंभ के बारे में जानूंगी। युवा होने के नाते मैंने सोचा था कि ऐसे संतों से मिलूंगी, जो आम लाइफ से बहुत दूर रहते हैं। हमारे यहां विदेशी आ रहे हैं, हम वाहवाही कर रहे हैं। लेकिन, भारतीय बेटी के लिए तरह-तरह की बातें हो रही हैं। विवादों में घेरा जा रहा है। ऐसे में कष्ट तो होगा ही। सवाल: आपकी पुरानी तस्वीरों को वायरल किया जा रहा है, आप ट्रोल हो रहीं हैं, क्या कहना चाहेंगी? जवाब : मेरी पुरानी तस्वीरों में कुछ भी गलत नहीं है। मैंने कुछ भी नहीं छिपाया। मैंने सभी को खुलकर बताया कि मैं एक्टर थी, एंकर थी। अब उससे बाहर निकलकर धर्म से जुड़ गई हूं। मैंने खुद ही सबको बताया। मेरा खुद का कंटेंट वायरल करना, गलत बात है। जिस प्रोफेशन में थी, वहां छोटे कपड़े पहनना, जींस-टॉप पहनना चलता है। भारत में बड़े-बड़े शहरों में लड़कियां हर तरह के कपड़े पहन रही हैं। लेकिन मुझे मेरी मर्यादा का हमेशा ध्यान रहा है। मैंने कभी नॉनवेज खाते हुए फोटो-वीडियो सामने नहीं आई। सिर्फ कपड़ों को लेकर मेरा चरित्र जस्टिफाई किया जा रहा है। ऐसे में यह गलत बात है, समस्त नारी जाति का अपमान किया जा रहा है। अगर कपड़ों की बात कर रहे हैं, तो महाकुंभ में नागा साधु भी हैं। फिर आप नारी को ही क्यों ट्रोल कर रहे हैं। एक बेटी को बचाना चाहिए। लेकिन लोग मुझे ट्रोल कर रहे हैं। गलत कमेंट कर रहे हैं। सवाल : आनंद स्वरूप महाराज ने आपको लेकर कमेंट किया है, क्या कहना चाहेंगी? जवाब : मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है। आनंद स्वरूप के स्टेटमेंट पर हंसी भी आ रही है। क्योंकि हम तब किसी पर उंगली उठाने लायक होते हैं, जब हम खुद में ठीक होते हैं। मैंने उनके बारे में पता किया। मुझे पता चला कि वो खुद को संत और तपस्वी बताते हैं, लेकिन उनकी खुद की फैमिली है। बीवी और बच्चे हैं। लेकिन, वो अपने परिवार के बारे में किसी को नहीं बताते। आनंद स्वरूप का एक काम है, वो खाली बैठे हैं। उनका काम है कि आगे बढ़ रहे लोगों को पीछे करें। उन्होंने जब देखा कि मेरे परम पूज्य गुरुदेव का नाम हो रहा है, लोग मांस-मदिरा को छोड़कर गुरुदेव के सानिध्य में बैठे हैं। तभी जलन की भावना में उन्होंने ऐसा किया। किन्नर अखाड़े और जूना अखाड़े को लेकर बहुत कुछ बोला था, लेकिन वहां उनकी दाल नहीं गली। अब वो मेरे कंधों पर बंदूक रखकर चला रहे हैं। सवाल : अब कुंभ में रहेंगी या नहीं? जवाब : मैंने सोचा था कि पूरे कुंभ मेले में रहूंगी। इसी मंशा से यहां आई थी। अब मुझे कैद होकर रहना पड़ रहा है। जिस उद्देश्य के साथ आई थी, वो पूरा नहीं हो पा रहा। लोगों से और उनके सवालों से बचना पड़ रहा है। मुझे अब फील हो रहा है कि मैंने बहुत बड़ा गुनाह कर दिया। मुझे टारगेट किया जा रहा है। अब मैं यहां नहीं रह पाऊंगी, क्योंकि खुलकर सांस नहीं ले पा रही। इससे अच्छा है कि मैं यहां से चली जाऊं। मैं कुंभ छोड़कर जाने का प्लान कर चुकी हूं। खुद को बड़ा साधु-संत बताने वाले अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। जो उनकी बेटी समान है, उस पर कमेंट करने वालों को शर्म आनी चाहिए। आपने ऐसा कमेंट किया कि एक बेटी महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हो रही है। वो महाकुंभ, जो लाइफ में एक बार आएगा। इस आनंद स्वरूप को पुण्य नहीं, पाप जरूर लगेगा। इतना मैं बोलकर जा रही हूं। पूरे युवाओं से धर्म को जानने का मौका छीना गया हर्षा ने कहा- मैं यहां युवाओं को प्रेरित करने आई थी। धर्म और संस्कृति से जोड़ने के लिए आई थी, लेकिन यहां कुछ लोगों ने मुझसे ही यह मौका छीन लिया। इन्होंने मुझसे नहीं, पूरे युवाओं से यह मौका छीना है। इनका मानना है कि जो वेस्टर्न कल्चर में था, तो उसे कोई हक नहीं कि वह अपने धर्म और संस्कृति को जाने। भगवान भी यह अधिकार नहीं छीन सकते हर्षा ने रोते हुए कहा- भगवान ने भी हमसे कभी पूजा करने का हक नहीं छीना। भगवान के पास भी यह अधिकार नहीं कि वह हमसे धर्म और संस्कृति को जानने का हक छीन लें। लेकिन इन लोगों ने मुझे मॉडल और नाचने-गाने वाला करार दिया। मैं अपनी मर्यादा में थी। मैंने महाकुंभ में आकर क्या अभद्र और क्या गलत कर दिया? इन लोगों ने मुझे परेशान कर दिया, त्रस्त कर दिया है। ---------------------------- यह खबरें भी पढ़ें... महाकुंभ से चर्चा में आईं हर्षा ने संन्यास नहीं लिया, पिता का दावा, बोले- बेटी ने सिर्फ गुरु दीक्षा ली, जल्द शादी करेंगे प्रयागराज महाकुंभ में पेशवाई के रथ पर बैठने के बाद चर्चा में आईं हर्षा रिछारिया ने संन्यास नहीं लिया है। ऐसा दावा उनके माता-पिता ने किया। पिता दिनेश रिछारिया ने कहा- बेटी पर साध्वी का टैग गलत लगाया गया। उसने सिर्फ दीक्षा ली है। संन्यास नहीं लिया है, जल्द ही उसकी शादी करेंगे। पढ़ें पूरी खबर... महाकुंभ में मॉडल को रथ पर बैठाने पर भड़के संत: कहा- धर्म को प्रदर्शन का हिस्सा बनाना खतरनाक, परिणाम भुगतने होंगे प्रयागराज महाकुंभ में पेशवाई के दौरान मॉडल को रथ पर बैठाने को लेकर विवाद छिड़ गया है। शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा- यह उचित नहीं है। इससे समाज में गलत संदेश फैलता है। धर्म को प्रदर्शन का हिस्सा बनाना खतरनाक है। साधु-संतों को इससे बचना चाहिए, नहीं तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पढ़ें पूरी खबर...

source https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/prayagraj/news/harsha-richhariya-controversy-sant-sadhvi-mahakumbh-mela-2025-134304529.html

Comments

Popular posts from this blog

डबरा सिटी थाने के आरक्षक ने की आत्महत्या:सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर दी जान, मुरैना जिले के रहने वाले थे

डबरा सिटी थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने शुक्रवार देर रात अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की खबर मिलते ही एसडीओपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल फॉरेंसिक टीम और ग्वालियर से सीनियर अफसरों के आने का इंतजार किया जा रहा है। डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार ने सुसाइड की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे उसका शव फांसी पर लटका मिला है। ग्वालियर से फॉरेंसिक टीम मौके पर बुलाई गई है। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। भाई के फोन न उठाने पर खुला राज मृतक आरक्षक की पहचान मुरैना जिले के पोरसा के रहने वाले राघवेंद्र तोमर के रूप में हुई है। वे मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही थे और पिछले करीब एक साल से डबरा के सिटी थाने में तैनात थे। वे थाना बिल्डिंग के ठीक पीछे बने सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे। यह घटना देर रात तब सामने आई जब राघवेंद्र के भाई मोनू ने उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मोनू ने डबरा थाने में ही तैनात दूसरे आरक्षक मिंटू परिहार को फोन कर भाई से बात न हो पाने की बा...

2 साल के बच्चे की टंकी में डूबने से मौत:इंदौर में बड़े पिता पानी भरने हौज का ढक्कन खोलकर गए थे; वापस लौटे तो डूबा मिला मासूम

इंदौर के पास बेटमा में मंगलवार को 2 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। बच्चे के बड़े पिता टंकी भरने के लिए नीचे की हौज का ढक्कन खोलकर गए थे। जब वे वापस आए तो बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला। उसे परिवार के लोग दो अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन उसकी जान बच नहीं सकी। बेटमा पुलिस के अनुसार, प्रिंस पुत्र उमेश मिश्रा को उसके बड़े पिता करण सिंह एमवाय अस्पताल लेकर दोपहर में पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करण सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें घर पर पानी की टंकी भरनी थी। उन्होंने 5 फीट की हौज का ढक्कन खोलकर मोटर लगाई और बाहर चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वे वापस आए, तो प्रिंस घर में नहीं मिला। उन्होंने घर के लोगों से पूछा, तो उन्हें बताया गया कि बच्चा बाहर खेल रहा है। कुछ देर परिवार के लोग उसे बाहर ढूंढते रहे, लेकिन जब वह नहीं मिला, तो हौज में डूबा हुआ पाया गया। बच्चे को निकालकर परिवार ने पहले सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद प्रिंस को चोइथराम अस्पताल ले जाया गया, जहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंत में परिजन उसे एमवाय...

विधायक संजय पाठक के केस से अलग हुए जस्टिस मिश्रा:आदेश में लिखा- मामला ऐसी न्यायपीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जाए, जिसमें वे सदस्य न हों

भाजपा विधायक और खनन कारोबारी संजय पाठक से जुड़े एक मामले में शुक्रवार को एक बार फिर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। समर वेकेशन बेंच में जैसे ही जस्टिस विशाल मिश्रा की कोर्ट में यह केस आया तो बिना बहस के ही जस्टिस ने अपने आपको अलग कर लिया। यह मामला विधायक संजय पाठक के खिलाफ मानहानि प्रकरण से जुड़ा हुआ है। कटनी निवासी पूर्व आर्म्स डीलर नाजिम खान पर विधायक संजय पाठक ने आरोप लगाए थे कि उसकी दुकान से ना सिर्फ गोलियां गायब है, बल्कि अवैध हथियार की बिक्री करते हैं। भाजपा विधायक के इस बयान पर नाजिम खान ने एक करोड़ रुपए की मानहानि संबंधी याचिका दायर की है। उन्होंने आरोपों को झूठा बताते हुए संजय पाठक पर FIR दर्ज करने की मांग की है। शुक्रवार को यह मामला मामला जस्टिस विशाल मिश्रा की एकलपीठ के समक्ष सूचीबद्ध था, लेकिन उन्होंने स्वयं को प्रकरण की सुनवाई से अलग कर लिया। गजस्टिस विशाल मिश्रा ने आदेश पारित करते हुए कहा कि प्रकरण को अगले सप्ताह ऐसी न्यायपीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जाए, जिसमें वे सदस्य न हों। पहले भी खुद को अलग कर चुके हैं जस्टिस मिश्रा इससे पहले पाठक के खिलाफ अवैध उत्खनन से जु...