गायत्री मंत्रोच्चार के बीच बच्चों-बुजुर्गों ने किया ब्राह्मी का सेवन:माघ चतुर्दशी पर विशेष मुहूर्त में गायत्री शक्तिपीठ में हुआ आयोजन
माघ महीने की कृष्ण चतुर्दशी के विशेष मुहूर्त पर मंगलवार को गायत्री शक्तिपीठ परिसर में ब्राह्मी (जड़ी बूटी) सेवन करने के लिए बड़ी संख्या में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मौजूद थे। दोपहर बाद मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मी का काढ़ा बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई। शाम को गायत्री मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मी के काढ़े का सेवन किया गया। गायत्री शक्तिपीठ के जिला समन्वयक व प्रचार प्रसार सेवक देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया माघ महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर ब्राह्मी पीने का विशेष मुहूर्त होता है। तीन घंटे की प्रक्रिया के बाद तैयार ब्राह्मी का काढ़ा गायत्री मंत्रोच्चार के साथ बच्चों और बड़ों को पीने के लिए वितरित किया गया। ब्राह्मी ब्रेन बूस्टर है, याददाश्त और समझ दोनों को बढ़ाती है योगाचार्य नारायण स्वामी ने बताया कि ब्राह्मी बूटी मेधा वर्धक है। यह याददाश्त और समझ दोनों को बढ़ाती है। विद्यार्थियों के साथ सभी उम्र के लोगों के लिए उपयोगी है। मंगलवार को करीब 1100 सौ लोग ब्राह्मी सेवन करने आए। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक जेपी यादव ने देव पूजन, औषधि पूजन के साथ सभी उपस्थितों से बारह बार गायत्री महामंत्र उच्चारण कराने के बाद ब्राह्मी का सेवन कराया। ब्राह्मी संकलन, पेय बनाने, वितरण की व्यवस्था में एमएल रण-धवल, नरेंद्र सिंह सिकरवार, सुभाष गुप्ता, उत्तम सिंह राजपूत, एमएल बेलावत,अल्केश पटेल,आशा सेन, रेखा गर्ग, विनीता गुप्ता, रंजना पटेल शामिल थे। ब्राह्मी बारहमासी जड़ी-बूटी आचार्य के निर्देशन में गायत्री परिवार के सदस्यों ने ब्राह्मी के पौधे की सफाई करने के बाद उसे पीसा। उबालने के बाद पेय तैयार किया। विशेषज्ञों की देखरेख में छोटे बच्चों से लेकर बड़े व्यक्ति तक को सेवन कराया जाता है। यह एक बारहमासी जड़ी-बूटी है। ब्राह्मी जलीय स्थानों जैसे कि नदी नालों और नहर के किनारों पर या उनके आसपास पाया जाता है। स्वास्थ्य पर इसका प्रभाव काफी महत्वपूर्ण है। ब्राह्मी का स्वाद फीका और तासीर ठंडी होती है। ब्राह्मी सेवन के फायदे ब्राह्मी मस्तिष्क संबंधित औषधि है। इसका उपयोग बुद्धि बढ़ाने के साथ मिर्गी, लकवा और कई अन्य रोगों में लाभकारी है। ब्राह्मी सेवन बच्चों व विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी होता है। इससे प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, शुगर कम करने में सहायक, श्वसन संबंधी समस्याओं में उपयोगी, सूजन के उपचार, याददाश्त बढ़ाने के साथ ही हृदय प्रणाली को दुरुस्त करने, तनाव से छुटकारा और अल्जाइमर के उपचार में उपयोग की जाती है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/children-and-elders-consumed-brahmi-with-gayatri-mantra-134371677.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/children-and-elders-consumed-brahmi-with-gayatri-mantra-134371677.html
Comments
Post a Comment