संत बोले-चौहान दोबारा बीजेपी विधायक बने तो मूंछें मुंडवा लूंगा:उज्जैन की नंदराज गोशाला से 498 गोवंश लापता होने पर कहा- ये रैकेट चलाते हैं
उज्जैन के खाचरोद की नंदराज गोशाला से 498 गोवंश लापता होने पर संत समाज ने दुख जताया। 23 जनवरी को संतों ने इस घटना का विरोध करते हुए मुंडन करवाया था। इसी मंच से खाचरोद स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पीठाधीश स्वामी कृष्णानंद जी महाराज का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वे भाजपा विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान को गोवंश के गायब होने का जिम्मेदार बता रहे हैं। वीडियो में संत कृष्णानंद कह रहे हैं, मैं उन्हें विधायक नहीं मानता। अगर वे दूसरी बार जीत गए तो मैं सरेआम अपनी मूंछें मुंडवा लूंगा। विधायक जो अंधा, बहरा और गूंगा है, शर्म आती है। धिक्कार है ऐसे विधायक पर। जितने भी विधायक बने हैं, उनमें से सबसे गंदा कार्यकाल वर्तमान विधायक का रहा है। संत ने आगे कहा, अपने आप को गौभक्त कहता है और पार्टी से आता है। तेरी पार्टी तेरे पास रख। महाराज पार्टी से उठकर समाज और चिंतन की बात करते हैं। यह पहला विधायक है जो ढीट है। दरअसल, खाचरोद की गोशाला से बड़ी संख्या में गोवंश लापता हैं। इसके विरोध में संत समाज ने 23 जनवरी को प्रदर्शन कर गोशाला संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान मंच पर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज (गंगोत्री धाम), स्वामी शिवानंद गिरि जी महाराज (हरिद्वार), स्वामी ब्रह्म ऋषि जी महाराज (पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन) और हरियाणा-महाराष्ट्र के गोभक्तों ने मुंडन करवाकर लापता गायों को श्रद्धांजलि दी थी। विधायक पब्लिक में आकर माफी मांगे मंच से कृष्णानंद जी महाराज ने कहा था- ऐसे विधायक को यहीं से राम-राम। आना भी मत, अगर आ गए तो संवाद करना पड़ेगा। बाल रंगने से कोई जवान नहीं हो जाता, बुढ़ापा छलकता ही है। इस विधायक की वजह से केस ढीला हो गया है। अधिकारी भी नहीं सुनते। जो गोमाता का सम्मान करेगा, वही योग्य होगा। गोमाता के रैकेट इनकी शह पर चलते हैं। विधायक को पब्लिक में आकर माफी मांगनी पड़ेगी। विधायक से इसलिए नाराज हैं महाराज कृष्णानंद जी महाराज का आरोप है कि नंदराज गोशाला में अक्टूबर माह में 1074 गाय थीं। ये नवंबर में घटकर 530 रह गईं। बीते 6 माह से 1000 से अधिक गायों का अनुदान लिया जा रहा था। गोशाला के रजिस्टर में 1028 गाय दर्ज थीं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के वेटरनरी डॉक्टर की रिपोर्ट में सिर्फ 530 गोवंश मिले। संत कृष्णानंद ने 14 जनवरी को पशुपालन मंत्री लखन पटेल को पत्र लिखकर लापता गोवंश की जानकारी दी थी। प्रशासन से उन्हें ढूंढने की मांग की थी, लेकिन आज तक पता नहीं लग पाया है। महाराज ने आशंका जताई थी कि कहीं ये गोवंश तस्करों के हाथों तो नहीं भेज दिए गए। इस पूरे मामले में स्थानीय विधायक द्वारा कोई कदम नहीं उठाये जाने से स्वामी कृष्णानंद जी महाराज नाराज हैं। जब दैनिक भास्कर ने विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान से बात करने के लिए संपर्क किया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/if-i-become-mla-for-the-second-time-i-will-get-my-moustache-shaved-off-swami-krishnanand-134388808.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/ujjain/news/if-i-become-mla-for-the-second-time-i-will-get-my-moustache-shaved-off-swami-krishnanand-134388808.html
Comments
Post a Comment