रीवा में नजरबंद विधायक पुलिस अभिरक्षा से निकल गए:रोकने की कोशिश हुई तो बोले- जहां मर्जी वहां जाऊंगा, अतिक्रमण जरूर गिराऊंगा
मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल गुरुवार रात रीवा में पुलिस अमिरक्षा से खुद को मुक्त कराकर निकल गए। इस दौरान पुलिस और विधायक प्रदीप पटेल में नोक-झोंक होती हुई। पुलिस ने विधायक को रोकने की कोशिश की। लेकिन वे रुकने के लिए तैयार नहीं हुए। विधायक का कहना था कि जब पुलिस कह रही है कि मैं मुक्त हो गया हूं तो मुझे आखिरकार क्यों रोका जा रहा है? इस दौरान पुलिस के जवान गेट बंद कर खड़े हो गए। विधायक ने धक्का मारकर गेट खुलवाया। पुलिस ने उनसे पूछा कि आप कहां जा रहे हैं, इस पर विधायक ने जवाब दिया कि मैं स्वतंत्र हूं इसलिए जहां मर्जी होगी, वहां जाऊंगा। जाते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि मैं मुक्त होकर सीधा महादेवन जा रहा हूं, जहां पहुंचकर मैं अतिक्रमण को गिराने का काम करूंगा। पिछली बार जो काम अधूरा रह गया है। उस काम को हर हाल में पूरा करके रहूंगा। अब विधायक के इस बयान ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कुर्सी पर बैठे एडिशनल एसपी विवेक लाल तत्काल खड़े हो गए। वे विधायक को समझाने की कोशिश करने लगे। लेकिन विधायक ने एक नहीं सुनी। 18 नवंबर को हिरासत में लिया गया था बताया गया कि विधायक को 18 नवंबर को हिरासत में लिया गया था। जहां विधायक जेसीबी लेकर महादेवन मंदिर के पास मौजूद 2 एकड़ की विवादित जमीन पर पहुंच गए थे। दोनों तरफ से पथराव हुआ था। जिसके बाद विधायक और उनके सहयोगियों को हिरासत में ले लिया गया था। विधायक को हिरासत में लेने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच रीवा के पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में रखा गया था। सूत्रों के अनुसार, विधायक की दोपहर में ही जमानत हो गई थी। लेकिन पुलिस उन्हें इसलिए रिहा नहीं कर थी क्योंकि इस बात का संदेह था कि उनके बाहर निकलते ही दोबारा विवाद की स्थिति बन सकती है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/rewa/news/mla-detained-in-rewa-released-from-police-custody-rewa-latest-news-133996675.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/rewa/news/mla-detained-in-rewa-released-from-police-custody-rewa-latest-news-133996675.html
Comments
Post a Comment