इंदौर में कई बेसमेंट सील:पार्किंग के स्थान पर कमर्शियल एक्टिविटी की जा रही थी संचालित, बाहर वाहनों से ट्रैफिक हो रहा बाधित
इंदौर में जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने मंगलवार को फिर कई बिल्डिंग के बेसमेंट को सील किया। यहां पार्किंग के स्थान पर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थी। टीम ने स्कीम 54 PU4 में प्लॉट नं. 4 पर स्थित "पिज्जा डॉन" और प्लॉट नं. 6, 7, 8 पर स्थित "पाल नोटरी" सहित कुल 4 बेसमेंट में संचालित दुकानों को सील किया है। इन भवनों में निर्धारित पार्किंग स्थान पर दुकानों का संचालन किया जा रहा था। स्कीम 140 मेन रोड पर बेसमेंट में संचालित "SGN टायर" की दुकान को सील किया गया। इस दुकान का संचालन भी अनुमति के विपरीत बेसमेंट में किया जा रहा था। ऐसे ही अन्नपूर्णा मेन रोड पर बेसमेंट में संचालित "फायरफॉक्स साइकिल" की दुकान और "चन्दन TVS" द्वारा संचालित वर्कशॉप को सील किया गया। वैशाली नगर मुख्य मार्ग पर स्थित 2 दुकानों को नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सील किया गया। ये दुकानें/क्लिनिक बेसमेंट में संचालित हो रही थी। ऐसे ही 198 कालानी नगर, 621 कालानी नगर और 9 कालानी नगर के भवनों पर भी अवैध निर्माण होने के कारण सीलिंग की कार्रवाई की गई। इन भवनों के पार्किंग स्थलों पर अन्य निर्माण काम किए जा रहे थे, जो अनुमित के नियमों के विपरीत थे। एसडीएम जगदीश धनगर के मुताबिक इन सभी बिल्डिंगों के निर्माण के दौरान बेसमेंट की जगह को पार्किंग के लिए रखा था। इन बिल्डिंग के संचालकों ने बेसमेंट में कमर्शियल एक्टिविटी शुरू कर दी। ऐसे में बिल्डिंग में मौजूद ऑफिस के कर्मचारी सड़क और फुटपाथ पर गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं। इससे ट्रैफिक बाधित हो रहा है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/indore-seven-basements-sealed-in-indore-133695272.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/indore-seven-basements-sealed-in-indore-133695272.html
Comments
Post a Comment