अस्पताल में शराब पीते मिले जूनियर डॉक्टर:एएसआई से कहा- कैंपस हमारा है, चले जाओ, इंस्पेक्टर से बोले- वारंट लाए हो…
खंडवा के जिला अस्पताल परिसर में रात 3 बजे के करीब जूनियर डॉक्टर्स ने हंगामा कर दिया। वे लोग पोस्टमार्टम रूम के सामने स्थित अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बीयर पार्टी कर रहे थे। तभी रात्रि गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एएसआई ने फटकारा तो डॉक्टर गिरी बताने लगे। एएसआई की सूचना पर इंस्पेक्टर को जिला अस्पताल भेजा गया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 3 बजे की है। पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है। थाना मोघट रोड से एएसआई अनिल शुक्ला रात्रि गश्त पर थे। वैसे ही कलकत्ता की घटना पर जिला अस्पताल को लेकर पुलिस अलर्ट है। गश्त के दौरान पुलिस वाहन जिला अस्पताल पहुंचा तो यहां नजारा कुछ ओर ही था। करीब 6 युवक बैठकर बीयर पी रहे थे। एएसआई शुक्ला ने उन्हें समझाया तो नशे में जूनियर डॉक्टरों ने शुक्ला से अभद्र व्यवहार किया। उल्टा चोर कोतवाल को डांटे, ठीक उसी तरह की कहानी थीं। हालात को भांप एएसआई ने पुलिस कंट्रोल रूम काे सूचना दी। जहां से इंस्पेक्टर संजय पाठक को जिला अस्पताल भेजा गया। नशे में धूत जूनियर डाॅक्टर ने पाठक से कहा कि आप वारंट लाए है तो ही भीतर घुसे वरना यह हमारा कैंपस है। हम लोग कुछ भी करेंगे, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। खून के घूंट पी रहे इंस्पेक्टर संजय पाठक ने कुछ देर तक समझाइश दी। बाद में उन्होंने सबक भी सिखाया। इतने में मेडिकल कॉलेज के अधिकारी भी पहुंच गए। इस तरह मामला शांत हुआ।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/junior-doctor-found-drinking-alcohol-in-district-hospital-133653882.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/khandwa/news/junior-doctor-found-drinking-alcohol-in-district-hospital-133653882.html
Comments
Post a Comment