घंटों इंतजार, फिर भी महिलाओं को नहीं मिल रहा इलाज:प्राइवेट अस्पताल रेफर करने का भी आरोप, सिविल सर्जन बोले- डॉक्टर्स की कमी, इसलिए परेशानी हो रही
शाजापुर जिला अस्पताल में बुधवार को महिलाएं इलाज के लिए घंटों अपनी बारी का इंतजार करती रहीं, लेकिन अस्पताल में महिला डॉक्टरों के होने के बावजूद उन्हें परामर्श नहीं मिला। वहीं, सिविल सर्जन का कहना है कि महिला डॉक्टरों की कमी होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि डॉक्टरों की संख्या बढ़ जाए तो व्यवस्था संचालित करने में दिक्कत नहीं आएगी। महिला मरीजों ने बताया कि वे सुबह 10.30 बजे जिला अस्पताल पहुंच गई थीं। इसके बाद 11 बजे महिला डॉक्टर आईं और उन्होंने परामर्श देना शुरू किया, भीड़ अधिक होने के बावजूद महिला डॉक्टर 12.30 बजे अपने कक्ष से बिना कुछ कहे चली गईं। जिनके इंतजार में दो बजे तक बैठना पड़ा। इसके बाद पता चला कि अब मैडम पांच बजे बाद या फिर अगले दिन परामर्श देंगी। महिलाओं ने बताया कि वह इलाज के लिए दो दिनों से अस्पताल आ रही हैं। लेकिन डॉक्टरों के देरी से आने और जल्दी चले जाने से इलाज नहीं हो पा रहा है। नवजात बच्चों को किया जा रहा रेफर उल्लेखनीय है कि शाजापुर जिला अस्पताल में बच्चों के इलाज के लिए आधुनिक नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई है, जिसमें वर्षों से बच्चों का सफलतापूर्वक इलाज किया जा रहा है, लेकिन बीते कुछ दिनों से एक डॉक्टर बच्चों को निजी अस्पताल या फिर इंदौर रेफर कर रहे हैं। जिसको लेकर कई परिवारों ने बुधवार को अस्पताल में नाराजगी जाहिर की। झोंकर निवासी नजमा खान ने बताया कि वह अपनी बहू को प्रसव के लिए जिला अस्पताल लेकर आई थीं, प्रसव के बाद बच्चे के फेफड़े में पानी चले जाने की बात कह डॉक्टरों ने आईसीयू में भर्ती कर दिया, लेकिन बुधवार को डॉ भावेश मोटवानी ने कहा कि बच्चे की हालत गंभीर है आप उसे निजी अस्पताल या फिर इंदौर ले जाओ। नजमा बी का कहना है कि वह गरीब हैं, ऐसे में इंदौर आने-जाने और रहने का खर्च वहन नहीं कर सकती। बावजूद इसके डॉक्टर बच्चे को रेफर कर रहे हैं। सिविल सर्जन बोले- डॉक्टर्स की संख्या बढ़ जाए तो दिक्कत नहीं आएगी इस मामले में सिविल सर्जन एमके जोशी का कहना है कि एक महिला डॉक्टर को हमने शिविर के लिए सुंदरसी भेजा था और एक महिला चिकित्सक सिविल सर्जन सभाकक्ष में डायबिटीज ट्रेनिंग दे रही थीं। जबकि एक सीजर में थी। जिसके कारण ओपीडी व्यवस्था में विलंब हुआ होगा। महिला डॉक्टरों की कमी होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि डॉक्टरों की संख्या बढ़ जाए तो व्यवस्था संचालित करने में दिक्कत नहीं आएगी। वहीं नवजात गहन चिकित्सा इकाई से डॉ मोटवानी द्वारा बच्चे को रेफर नहीं किया गया है उसका यहीं इलाज चल रहा है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/shajapur/news/shajapur-women-were-troubled-due-to-the-absence-of-female-doctors-from-opd-family-expressed-displeasure-over-referring-the-child-to-indore-133373553.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/shajapur/news/shajapur-women-were-troubled-due-to-the-absence-of-female-doctors-from-opd-family-expressed-displeasure-over-referring-the-child-to-indore-133373553.html
Comments
Post a Comment