भाजपा नेता का ईंट मारकर सिर फोड़ा:ग्वालियर में बिजली कंपनी के अफसर पर आरोप, बिजली चोरी की जांच पर हुआ विवाद
ग्वालियर में गुरुवार को बिजली चोरी का आरोप लगाने पर भाजपा नेता व बिजली कंपनी के अफसर में विवाद हो गया। अफसर ने ईंट मारकर भाजपा नेता का सिर फोड़ दिया। झगड़े में बिजली कंपनी के अफसर को भी चोट आई है। घटना गुरुवार दोपहर सिंधी कॉलोनी की है। घटना के बाद दोनों पक्ष माधौगंज थाने पहुंचे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इधर, भाजपा नेता आकाश उर्फ बंटी भदौरिया का पुलिस ने मेडिकल कराया है। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। आकाश भदौरिया पूर्व पार्षद सुरजीत सिंह भदौरिया के भतीजे हैं। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दोनों पक्षों से शिकायती आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। ग्वालियर बिजली विभाग के विजिलेंस टीम के अफसर अजीत राजपूत के नेतृत्व में बिजली चोरी पकड़ने छापा मारने सिंधी कॉलोनी पहुंची थी। यहां भाजपा नेता और पूर्व पार्षद सुरजीत भदौरिया के घर के बाहर लगे मीटर की जांच की। DE ने बिजली चोरी का आरोप लगाया। यहां पूर्व पार्षद के भतीजे आकाश उर्फ बंटी भदौरिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह एडवोकेट भी हैं, उन्होंने चोरी के आरोप का विरोध किया। उनका कहना था कि आपका बिजली का मीटर घर के बाहर लगा है। उसमें छेड़छाड़ नहीं है। आप मीटर खोल कर ले जाओ, जांच करा लो। इस पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच धक्का मुक्की के साथ मारपीट होने लगी। इसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। जिसमें पूर्व पार्षद के भतीजे आकाश भदौरिया के सिर में गम्भीर चोट आई। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल आकाश को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल भेजा। घटना के बाद भाजपा नेता के समर्थक बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर हंगामा किया। पूर्व पार्षद के बेटे ने बताया कि बिजली कम्पनी के DE ने उनके घर पहुंचकर बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए बदतमीजी की है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने यही आरोप भदौरिया परिवार पर लगाया है। फिलहाल दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। भाजपा नेता के भाई ने लगाया पूर्व पार्षद सुरजीत सिंह भदौरिया के बेटे अभिमन्यु भदौरिया ने कहा कि हमारे घर बिजली विभाग के अधिकारी आए थे। बिजली चोरी करने की बात बोलकर विवाद करने लगे और जबरन घर में घुसने लगे। जिस पर मेरे चचेरे भाई आकाश ने ने विरोध किया तो अफसर ने आकाश के सिर में ईंट मार दी। जिससे उनके सिर में चोट आई है। पुलिस थाने में शिकायत की है कार्रवाई चाहते हैं हमारे पिताजी पूर्व पार्षद रहे हैं हम कार्रवाई चाहते हैं। बिजली विभाग का आरोप बिजली कंपनी के महाप्रबंधक नितिन मांगलिक ने बताया कि हमारी टीम बिजली चोरी को लेकर कार्रवाई करने के लिए पहुंची थी। इस दौरान दूसरे पक्ष में विवाद किया। विवाद के दौरान हमारे DE के साथ मारपीट की है जिसकी हम शिकायत कर रहे हैं कार्रवाई चाहते हैं। सीएसपी आयुष गुप्ता का कहना है कि थाना क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी में बिजली विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी, जहां दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। एक व्यक्ति को चोट आई है, उसे अस्पताल भेजा है। दोनों पक्षों की सुनवाई की जा रही है। दोनों से शिकायत की आवेदन लेकर कार्रवाई की जा रही है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/fight-between-dgm-of-electricity-company-and-bjp-leader-133130555.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/gwalior/news/fight-between-dgm-of-electricity-company-and-bjp-leader-133130555.html
Comments
Post a Comment