सागर में कलश यात्रा निकाल दिया जल संरक्षण का संदेश:प्राचीन जल स्रोतों की साफ-सफाई कर पीने योग्य पानी बनाने लोगों को किया जागरूक
16 जून तक प्रदेश में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सागर नगर निगम की महिला पार्षदों और महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा पंडित मोतीलाल नेहरू स्कूल कटरा बाजार से शुरू हुई जो तीनबत्ती, कोतवाली होते हुए चकराघाट पहुंची। जहां झील के घाट पर महिलाओं ने जल संरक्षण और संवर्धन की शपथ के बाद यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान लोगों को जल संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया गया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है, यह बात हमारे पूर्वज समझते थे, इसलिए उन्होंने प्राचीन जल स्रोतों जैसे नदी, तालाब, कुएं और बावड़ियों को सुरक्षित रखा और उनकी समय-समय पर सफाई करते रहने से उनके पानी को हर समय पीने योग्य बनाए रखा। लेकिन आधुनिकीकरण के कारण हमने इन प्राचीन जल स्रोतों के महत्व को भूलाकर इन्हें अनुपयोगी बना दिया। इसलिए हमने जो भूल की है उसका परिणाम हमारी आने वाली पीढ़ी न भुगते। इन प्राचीन जल स्रोतों और संरचनाओं को सुरक्षित करने और उनके जल को साफ-सुथरा बनाने के लिए हम सब आगे आएं। ताकि इनके जल का पुनः उपयोग हो सके। निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि इस कलश यात्रा के माध्यम से पुराने प्राचीन जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक करना है जो वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। क्योंकि अपने प्राचीन जल स्रोतों की ओर ध्यान नहीं देने से वह अनुपयोगी हो गए हैं। इसलिए उनको उपयोगी बनाने के लिए उनका संरक्षण और साफ-सफाई जरूरी है। कलश यात्रा में पार्षद रूबी पटेल, डाली सोनी, सुमन साहू समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/news/kalash-yatra-was-carried-out-in-sagar-with-the-message-of-water-conservation-133145181.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/news/kalash-yatra-was-carried-out-in-sagar-with-the-message-of-water-conservation-133145181.html
Comments
Post a Comment