मेहगांव में तेज रफ्तार कार ने आठ लाेगों को रौंदा:गुस्साएं लोगों ने पुलिस जवानों से की झूमाझटकी, महिलाएं भी लाठी लेकर आईं
भिंड जिले के दतिया-मुरैना स्टेट हाईवे पर सोनी रेलवे स्टेशन के नजदीक एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ कुछ लोगों को रौंद दिया। यह घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। तभी आक्रोशित लोगों ने पुलिस जवानों से भी झूमाझटकी कर दी। इस समय महिलाएं भी घरों से बाहर लाठी-डंडे लेकर आ गई। मामला बिगड़ता देख मेहगांव थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा पुलिस बल मौके पर पहुंचे। हालात पर काबू पाया। घायलों को मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराने के लिए भर्ती करायागया। वहीं कुछ लोगों के चोट गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया है। यह घटना बुधवार शाम साढ़े सात से आठ बजे की है। जानकारी के अनुसार सोनी गांव के श्यामसिंह का पुरा के पास बुधवार को निमंत्रण था। पुरा के बच्चे एकत्रित होकर निमंत्रण खाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मेहगांव की तरफ से पोरसा रही कार क्रमांक एमपी 07 सीजे 8063 बेकाबू हो गई और सड़क किनारे जा रहे लोगों में टक्कर मार दी। जिससे आठ लोग घायल हाे गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को नीचे उतारकर मारपीट करने लगे। हादसे की सूचना मिलते ही मेहगांव थाने की डायल 100 से कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो लोग चालक को साथ नहीं ले जाने पर अड़ गए और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी कर दी। विवाद बढ़ता देख पुलिसकर्मी ने थाने पर सूचना दी। टीआई मेहगांव आशुतोष शर्मा और गोरमी टीआई नरेंद्र स्वर्णकार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। टीआइ ने कार चालक और घायलों को इलाज के लिए डायल 100 से अस्पताल भेजने लगे, तभी लोग फिर आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस ने लाठी का प्रयोग किया और घायल और चालक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया दिया। भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इस पर टीआई ने भी डंडे चलाए तो लोग वहां से भाग गए। इसके बाद आक्रोशित महिलाएं पुरुषों के पीछे कर हाथों में लाठी-डंडे लेकर आ गईं। महिलाओं की मांग थी कि एफआइआर यहीं लिखी जाए। टीआइ शर्मा ने महिलाओं को समझाते हुए कहा कि कोई भी एक व्यक्ति थाने चले और एफआइआर लिखवा दी। हालांकि महिलाएं हंगामा करने लगी। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह महिलाओं काे समझाया तब कहीं जाकर वह मानीं और पुलिस वहां से रवाना हाे गई। यह लोग हुए घायल - कार की टक्कर से 30 वर्षीय संजय जाटव, 24 वर्षीय मोनू जाटव, पांच वर्षीय अजय जाटव, सात वर्षीय अभय जाटव, पांच वर्षीय नंदनी जाटव, 22 वर्षीय गौरव जाटव, 24 वर्षीय आकाश जाटव और चार वर्षीय पृथ्वी जाटव घायल हो गए हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhind/news/a-speeding-car-ran-over-eight-people-in-mehgaon-133160176.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhind/news/a-speeding-car-ran-over-eight-people-in-mehgaon-133160176.html
Comments
Post a Comment