अक्षय बम को अरेस्ट करना था, पुलिस ने सुरक्षा दी:इंदौर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई 24 तक टली; गिरफ्तारी कभी भी
इंदौर संसदीय सीट से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय बम को बीजेपी में शामिल हुए 15 दिन से ज्यादा हो गए हैं। बम के मैदान छोड़ने से कांग्रेस नेता खफा हैं। इसे आधार बनाते हुए बम ने प्रशासन से सुरक्षा मांगी थी, जो वोटिंग तक के लिए मिल गई थी। इसी बीच 2007 के जमीन विवाद मामले में कोर्ट ने बम के खिलाफ 10 मई को गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है। इसके उलट वारंट जारी होने के 7 दिन बाद भी पुलिस गिरफ्तारी के बजाय बम की सुरक्षा करते दिखाई दी। इस पर आपत्ति जताते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने पूछा है कि जब बम के खिलाफ वारंट जारी है तो सुरक्षा किस कानून के तहत दी जा रही है? यह कानून का मजाक है। दैनिक भास्कर ने इस पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की और जिम्मेदारों से बात की। जिस पुलिस को वारंट तामील कराकर गिरफ्तार करना है, उसका कहना है कि हमें वारंट नहीं मिला था। अब मिल गया है, जल्द गिरफ्तार करेंगे। गौरतलब है कि कोर्ट ने 10 मई को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसे 6 दिन बाद पुलिस मिलना बता रही है। अग्रिम जमानत पर हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत, खतरा बरकरार अक्षय कांति बम की अग्रिम जमानत को लेकर शुक्रवार को हाई कोर्ट की इंदौर बेंच में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान फरियादी युनूस ने अक्षय की अग्रिम जमानत पर आपत्ति ली। इसके बाद हाई कोर्ट ने लिखित आपत्ति दर्ज कराने के लिए फरियादी को सात दिन का समय दिया। अब अगली सुनवाई 24 मई को होगी। तब तक उन पर गिरफ्तारी का खतरा मंडराता रहेगा। इससे पहले इंदौर सेशन कोर्ट से उनका अग्रिम जमानत आवेदन खारिज हो चुका था। कानूनी जानकारों के अनुसार, सुनवाई के दौरान केवल तारीख आगे बढ़ गई है। ऐसे में निचली अदालत से 10 मई को जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट अभी भी जीवित है। पुलिस अक्षय बम को कभी भी गिरफ्तार कर सकती है। नामवापसी के बाद से 2 गनमैन बम के साथ, 4 पुलिसकर्मी पहरेदार 29 अप्रैल को नामवापसी के बाद बीजेपी में आने के बाद अक्षय बम को सुरक्षा दी गई। इसके लिए क्षेत्रीय थाने के बजाय सीधे जिला पुलिस लाइन से 6 पुलिसकर्मी तैनात कराए गए हैं। 4 पुलिसकर्मी बम के घर रात-दिन ड्यूटी दे रहे हैं। 2 गनमैन हमेशा बम के साथ रहते हैं, ताकि उन पर कोई हमला करता है या प्रदर्शन होता है तो बचाया जा सके। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 13 मई को वोटिंग तक के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद अभी तक सुरक्षा वापस नहीं ली गई है। बीच चुनाव में बम के खिलाफ केस दर्ज हुआ था, फिर छोड़ी कांग्रेस बीच चुनाव में 17 साल पुराने केस में कांग्रेस प्रत्याशी रहे बम के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) का प्रकरण दर्ज किया गया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी और नामवापस ले लिया। इधर, जिस केस में धारा 307 बढ़ाई गई, उसमें पेशी 10 मई को हुई। इसके बावजूद बम हाजिर नहीं हुए और सामाजिक कार्यक्रम (वर्षी तप) बताकर हाजिरी माफी का आवेदन दिया। कोर्ट ने नामंजूर करके गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। कोर्ट नहीं जाने पर बम ने सफाई दी थी कि मैं भागने वाला आदमी नहीं। जो कानूनी प्रक्रिया होगी, उसको फॉलो करूंगा। यही नहीं, वे गिरफ्तारी वारंट के बावजूद 13 मई को वोट भी डालने गए थे। धारा 307 खारिज करने के लिए मामले में सुनवाई हुई 24 अप्रैल को 17 साल पुराने केस में बम के खिलाफ धारा 307 का इजाफा किया गया था। 28 अप्रैल को इसके खिलाफ बम ने कोर्ट में आवेदन लगाया था। रिवीजन की मांग की थी, जिस पर 15 मई को सुनवाई है। 3 मई को कोर्ट ने अक्षय बम और उसके पिता कांति बम को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। इसे लेकर बम हाई कोर्ट गए हैं, इस पर आज 17 मई को सुनवाई हुई। लेकिन राहत नहीं मिली है। अगली सुनवाई को 24 मई को होगी। ये खबरें भी पढ़ें... इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी नाम वापस लेकर भाजपा में शामिल इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने सोमवार को नामांकन वापस ले लिया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के साथ अक्षय फॉर्म वापस लेने कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। नामांकन वापस लेने के बाद उन्होंने भाजपा भी जॉइन कर ली। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी के मैदान छोड़ने के 4 कारण: 17 साल पुराने केस में जानलेवा हमले की धारा बढ़ी इंदौर के कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम (46) ने ऐन वक्त पर मैदान छोड़ दिया। तुरंत भाजपा भी जॉइन कर ली है। इसके पीछे की कहानी दिलचस्प है। वे भाजपा ही नहीं, बल्कि लोकल कांग्रेस की तरफ से भी प्रेशर का शिकार हो रहे थे। इसी कारण उन्होंने नामांकन वापस ले लिया। पूरी खबर पढ़ें... भाजपा ने बिना वोटिंग सूरत लोकसभा सीट जीती: मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित लोकसभा चुनाव में भाजपा का खाता खुल गया है। गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से सोमवार को BJP कैंडिडेट मुकेश दलाल निर्विरोध चुने गए। दरअसल, यहां से कांग्रेस कैंडिडेट नीलेश कुंभाणी का पर्चा रद्द हो गया था। उनके पर्चे में गवाहों के नाम और हस्ताक्षर में गड़बड़ी थी। पूरी खबर पढ़ें... इंदौर कांग्रेस प्रत्याशी के मैदान छोड़ने से पहले क्या हुआ इंदौर के लोकसभा प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने मैदान छोड़कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। भाजपा में शामिल होते हुए कहा कि ‘राष्ट्रहित और सनातन सर्वोपरि।’ उनके कांग्रेस छोड़ने में पार्टी भी कम जिम्मेदार नहीं है, यह बात फिर ऑन रिकॉर्ड आ गई है। बूथ मैनेजमेंट के खर्च पर विवाद और करियर पर सवाल थे ही, वे लोकल कांग्रेसियों की बेरुखी से भी दुखी हो गए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/police-has-not-yet-received-the-arrest-warrant-of-akshay-bam-133032558.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/indore/news/police-has-not-yet-received-the-arrest-warrant-of-akshay-bam-133032558.html
Comments
Post a Comment