बहन की शादी का सामान खरीदने आए भाई पर फायर:सागर में संजय ड्राइव पर बदमाशों ने किया अपहरण, रुपए नहीं देने पर गोली मारी
सागर में मोतीनगर थाना क्षेत्र के संजय ड्राइव के पास दो बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। उन्होंने युवक से एक लाख रुपए की मांग की। रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने फायर कर दिया। गोली युवक की दाहिनी भुजा के पास लगी है। घटना के बाद आरोपी मेडिकल कालेज के पास घायल को छोड़कर भाग गए। वारदात सामने आते ही बुधवार को पुलिस मेडिकल कालेज पहुंची। जहां उन्होंने घायल युवक के बयान लिए। पुलिस के अनुसार रोहन पिता राम सेवक रैकवार उम्र 35 साल निवासी देवरी को मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे दो आरोपियों ने रुपए नहीं देने की स्थिति में गोली मार दी। घायल रोहन ने बताया कि वह बहन की शादी के सामान की खरीदी करने के लिए मंगलवार को सागर आया था। शाम के समय वह बाघराज में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर गया था। जहां से वह रात करीब साढ़े 11 बजे आटो से शहर की ओर लौट रहा था। तभी रास्ते में आटो को रोककर उसके साथ दो लोग बैठ गए। बदमाश रुपए मांगने लगे। उसने बताया कि आरोपियों ने पहले उससे पांच हजार रुपए मांगे थे। जिसके बाद धीरे-धीरे कर वह एक लाख तक पहुंच गए। जब उसने रुपए देने से मना कर दिया तो एक बदमाश ने गोली मार दी। गोली उसकी दाहिनी भुजा के किनारे से होती हुई पार हो गई। बेहोश हुआ तो बीएमसी के पास छोड़ गए उसके हाथ में कारतूस के छर्रे घुस गए। युवक को गोली मारने के बाद आरोपी आटो से उसे पुरब्याऊ टौरी की ओर ले गए। वह अचेत हो गया। जिसके बाद आरोपी उसे स्कूटी से बीएमसी के पास छोड़कर भाग गए। आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को मामले की सूचना पुलिस को मिली। जिसके बाद मोतीनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की। घायल ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी आपस में नाम ले रहे थे। उसे पुलिस को एक नाम बताया है। उक्त बदमाश थाना क्षेत्र का निगरानीशुदा अपराधी है। मामले में पुलिस घटना की जांच कर रही है।
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/news/fire-on-brother-who-came-to-buy-items-for-sisters-wedding-132752673.html
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/news/fire-on-brother-who-came-to-buy-items-for-sisters-wedding-132752673.html
Comments
Post a Comment